
अभिषेक बच्चन एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं जहां सभी एक से बढ़कर एक अपने-अपने क्षेत्र में पारंगत हैं । पिता अमिताभ बच्चन, मां जया बच्चन और बीवी ऐश्वर्या राय बच्चन, हर कोई उच्च स्तर का कलाकार है । लेकिन इन सबसे ऊपर हैं अभिषेक के दादाजी हरिवंशराय बच्चन, जो कि एक महान कवि और उम्दा लेखक थे ।
रविवार को हरिवंशराय बच्चन की जन्मदिन की वर्षगांठ थी और इस मौके पर अभिषेक बच्चन ने अपने दादाजी को याद करते हुए एक दिल को छू लेने वाला संदेश लिखा । संदेश लिखते हुए अभिषेक ने अपने बचपन के दिनों को भी याद किया । इतना ही नहीं अभिषेक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें उनके दादाजी हरिवंश राय बच्चन और पिता अमिताभ बच्चन अभिषेक का हाथ थामे हुए हैं । उस फ़ोटो को शब्द देते हुए अभिषेक ने लिखा, 'आज मेरे दादाजी का जन्मदिन है । उनकी बहुत याद आती है । हमारे जन्मदिन पर वह हमेशा अपने सभी पोते-पोतियों को एक-एक कविता लिख कर देते थे । हम समझ नहीं पाते थे कि सब लोग तो हमको उपहार देते हैं तो दादाजी हमें केवल एक कविता क्यों लिख कर देते हैं । आज महसूस होता है कि वो सभी कागज के टुकड़े सभी उपहारों से कई मायने में बड़े हैं । उन कविताओं में उनका हमारे लिए प्यार और हस्तलिखित पत्र में उनका ज्ञान वाकई अनमोल हैं । हम आपसे बहुत प्यार करते हैं दादाजी । और मैं गर्व से उस नाम को आगे बढ़ा रहा हूं जो आपने मुझे दिया ।”
गौरतलब है कि अभिषेक बच्चन पिछली बार हाउसफ़ुल 3 में कॉमेडी करते हुए नजर आए थे ।
















