भारतीय सिनेमा की पहली सुपरस्टार कही जाने वालीं अभिनेत्री श्रीदेवी की आज 24 फरवरी को 5वीं पुण्यतिथि है । श्रीदेवी आज ही के दिन, 24 फरवरी को साल 2018 में इस दुनिया को अलविदा कह गईं थीं । श्रीदेवी की 5वीं डेथ एनिवर्सरी पर उनके पति बोनी कपूर ने अपनी पत्नी श्रीदेवी को याद कर सोशल मीडिया पर श्रीदेवी को लेकर कई पोस्ट की है । बोनी ने श्रीदेवी के साथ अपनी पहली मुलाक़ात से लेकर आखिरी लम्हों तक को तस्वीरों के जरिए बताया है । साथ ही दो पुराने वीडियो भी शेयर किए हैं जिनमें उन्होंने बताया की वह पहली बार श्रीदेवी से कैसे मिले और उनकी लव स्टोरी कैसे शुरू हुई ।

श्रीदेवी को याद कर इमोशनल हुए बोनी कपूर
बोनी ने इंडिया टुडे वुमन समिट की एक वीडियो क्लिप शेयर की, जिसमें वह श्रीदेवी और अपनी पहली मुलाकात से लेकर शादी तक के बारे में खुलकर बता रहे हैं । इस दौरान बोनी कपूर ने बताया, “यह पहली बार हुआ जब मैंने उन्हें स्क्रीन पर देखा, यह शायद 70 के दशक के अंत में हुआ था, जब मैंने उनकी एक तमिल फिल्म देखी । मैंने खुद से कहा कि यह वह है जिसे मैं अपनी फिल्म में लेना चाहता हूं । मैं उसके सेट पर गया, उनसे मिला । जब मैं उनसे मिला, तो यह लगभग एक सपने के सच होने जैसा था ।
आप जानते हैं, वह काफी इंट्रोवर्ट हैं और लोगों से जल्दी बात नहीं कर पाती, मैं एक अजनबी था। उस समय उन्होंने टूटी-फूटी हिंदी और टूटी-फूटी अंग्रेजी में जो कुछ शब्द कहे थे, वे मुझे छू गए और मुझे उन्हें और जानने की इच्छा होने लग गई । बाद में, उन्होंने आखिरकार मिस्टर इंडिया में साथ काम किया । श्री महिलाओं में सबसे अधिक फीस लेने वाली एक्ट्रेस थीं । मुझे पता था कि वो लगभग 8-8.5 लाख रुपये में एक फिल्म के चार्ज करती है । उनकी मां को इम्प्रेस करने का मेरा पास यहीं मौका था । मैंने कहा 'नहीं, मैं 11 लाख रुपये दूंगा । उन्होंने सोचा कि मैं बॉम्बे का एक पागल निर्माता हूं जो जितना मांगता है उससे अधिक दे रहा है ! खैर, इस तरह मैं उसकी मां के करीब आ गया ।
इसके आगे बोनी कपूर ने जो कहा उसे सुनकर श्रीदेवी शर्म से लाल हो गई । उन्होंने बताया कि “इससे बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह आदमी बहुत जिद्दी है और ईमानदार भी, मेरे पीछे ऐसे ही नहीं पड़ा हुआ है ।
बता दें कि, श्रीदेवी की 24 फरवरी 2018 में बाथटब में डूबने से मौत हो गई थी । श्रीदेवी परिवार की एक शादी में शामिल होने दुबई गई थीं । श्रीदेवी के जाने से बोनी कपूर बुरी तरह टूट गए ।
















