
59 वर्ष की रीमा लागू आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन हिंदी सिनेमा में उनके अभूतपूर्व योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा । फ़िल्म की मुख्य किरदार न होकर भी रीमा लागू ने हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई । बॉलीवुड में रीमा अक्सर संस्कारी मां का किरदार निभाती हुई दिखाई दी हैं, जो कि अपने बच्चों पर खूब प्रेम लुटाती और उन्हें समाजिक कर्तव्य सिखाती है । रीमा का जन्म 1958 में मुंबई में हुआ था । उनके बचपन का नाम नयन भड़भाड़े था लेकिन, जब वो फिल्मों में आईं तो उन्होंने अपना नाम बदलकर रीमा कर लिया । रीमा लागू ने हिन्दी के अलावा मराठी फिल्मों में भी काम किया है । उन्होंने मराठी एक्टर विवेक लागू से शादी की लेकिन शादी के कुछ साल बाद ही दोनों अलग हो गए । रीमा लागू की एक बेटी भी है जिसका नाम मृण्मयी लागू, जो खुद एक अभिनेत्री हैं ।

टीवी सीरियल श्रीमान श्रीमतीजी से लोकप्रिय हुईं रीमा लागू ने बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स के साथ फ़िल्में की लेकिन चहेती और प्यारी मां के रूप में उनको पहचान दिलाई सलमान खान ने । सलमान खान की मां के रूप में रीमा लागू को फ़िल्म मैने प्यार किया में देखा गया और फ़िर सास के रूप में फ़िल्म हम आपके हैं कौन ।

और उसके बाद फ़िल्म जुड़वा में भी सलमान खान की मां का किरदार रीमा लागू ने ही निभाया था । आपको बता दें कि रीमा ने सलमान के साथ करीब 11 फिल्में की हैं जिसमें वह कभी सलमान की मां बनी तो कभी सास ।

सूरज बड़जात्या की तीन फ़िल्मों में रीमा लागू की उपस्थिती यही साबित करती है कि वह कितनी बेहतरीन अभिनेत्री हैं । फ़िल्म हम साथ साथ हैं में रीमा लगू मोहनिश बहल, सलमान खान, सैफ़ अली खान और नीलम की मां के किरदार में नजर आईं थी ।

रीमा लागू ने संजय दत्त की हिट फ़िल्म वास्तव में भी मां का किरदार निभाया था ।

फ़िल्म कुछ कुछ होता है में रीमा लागू काजोल की मां के रूप में नजर आईं और उन्हें इस रोल में काफ़ी पसंद किया गया ।

फ़िल्म कल हो न हो में शाहरुख खान की मां के किरदार में रीमा लागू को काफ़ी पसंद किया गया ।

आपको बता दें कि रीमा लागू ने बॉलीवुड की करीब 90 फिल्मों में काम किया है । 1980-90 के दशक में उन्होंने ज्यादातर फिल्मों में मां का किरदार निभाया था । रीमा लागू ने अपने अभिनय की शुरुआत मराठी फिल्मों से की । अपने बच्चों पर प्यार लुटाने वाली सबकी चहेती मां रीमा लागू को हमेशा याद किया जाएगा । भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें ।
















