अभिनेता अंशुमान पुष्कर, जो बहुप्रतीक्षित गैंगस्टर ड्रामा मालिक में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इस फिल्म में अपने दमदार एक्शन से दर्शकों को हैरान करने के लिए तैयार हैं। अपनी गहरी स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले अंशुमान ने इस फिल्म के लिए अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर जाकर दिल दहलाने वाले एक्शन किया है।

मालिक में राजकुमार राव के साथ अंशुमान पुष्कर
अपने अनुभव को साझा करते हुए अंशुमान ने कहा, “यह पहली बार था जब मैंने इतना इंटेंस एक्शन किया, और सच बताऊं तो थोड़ी बहुत चोटें लगीं लेकिन मज़ा बहुत आया! चाहे वह करीब से मुक्केबाज़ी हो, छत से कूदना हो, धमाकों से बचकर भागना हो या फिर हाई-स्पीड कार दौड़ाना हो, मैंने हर पल को पूरी तरह जिया।”
क्राइम, पावर और विश्वासघात की पृष्ठभूमि पर आधारित मालिक एक स्टाइलिश एक्शन और इमोशनल कहानी के साथ दर्शकों को सीट से बांधे रखने का वादा करती है। अंशुमान के लिए यह भूमिका उनके बचपन का सपना पूरा होने जैसा रहा।
वह आगे कहते हैं, “मैंने इस तरह की फिल्में देखकर और उनका बड़ा फैन बनकर बचपन बिताया है, जहां हर एक्शन सीन में जोश आता है और आप सीट से चिपककर देखते हैं। हां, सभी सुरक्षा इंतज़ाम और सावधानियां रखी गई थीं, लेकिन एक्शन करना हमेशा रिस्की होता है, एक छोटी सी गलती भी बड़ा नुकसान कर सकती है। फिर भी, इसका जो एक्साइटमेंट होता है, उसे छोड़ना मुश्किल है।”
सेट पर हुई एक खास बात को याद करते हुए अंशुमान ने बताया, “मुझे याद है एक दिन जब बहुत इंटेंस एक्शन सीन शूट हो रहा था, तब राज भाई मुस्कुराते हुए मेरे पास आए और बोले, ‘बचपन वाली ढिशुम-ढिशुम फाइट्स का आज फायदा मिल गया।’और हां, बंदूकें संभालने का मेरा ज्ञान भी काफी बढ़ गया है।”
मालिक के साथ अंशुमान पुष्कर अपने करियर में एक नया मोड़ लेने जा रहे हैं, जहां वह एक्शन जॉनर में पूरी मेहनत और जुनून के साथ कदम रख रहे हैं। दर्शक उनसे एक एनर्जेटिक और असली परफॉर्मेंस की उम्मीद कर सकते हैं, जो इस फिल्म में उनके किरदार को जीवंत बनाएगा।
















