पैपराजी कल्चर का एक्टर्स की प्राइवेट लाइफ में जबरन दाखिल होते देख अब सेलेब्स का गुस्सा कंट्रोल से बाहर हो गया है । इसे लेकर आलिया भट्ट भी बिना परमिशन लिए उनके अंडर कंस्ट्रक्शन घर को रिकॉर्ड करने वालों पर भड़क गई हैं । दरअसल, कुछ दिन पहले रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के नए घर कृष्णा राज बंगले की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी जिसे लेकर अब आलिया ने कड़ा ऐतराज जताया है ।

आलिया भट्ट ने ग़ुस्सा जाहिर किया
आलिया ने प्राइवेसी हनन करने और पिछले कुछ दिनों से लगातार उनके अंडर कंस्ट्रक्शन घर की वीडियो और फोटोज लीक करने पर सवाल उठाया है । आलिया भट्ट ने अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “मैं समझती हूं कि मुंबई जैसे शहर में स्पेस लिमिटेड है और कभी कभार लोग एक-दूसरे के घर का खिड़की से व्यू देख सकते हैं, लेकिन ये किसी का भी हक नहीं है कि किसी के प्राइवेट घर का वीडियो बनाओ और उसे ऑनलाइन पोस्ट कर दो । हमारे अंडर कंस्ट्रक्शन घर का एक वीडियो हमारी जानकारी या सहमति के बिना, कई पब्लिकेशन्स ने रिकॉर्ड और पब्लिश किया है । ये साफ तौर पर प्राइवेसी का उल्लंघन और ये एक सीरियस सिक्योरिटी का इशू है ।”
इसके साथ ही आलिया ने अपील की है कि जिस किसी ने भी उनके नए घर के विजुअल्स शेयर किए हैं, तुरंत डिलीट कर दें । “बिना परमिशन के किसी के पर्सनल स्पेस का वीडियो बनाना या उसकी तस्वीरें लेना कंटेंट नहीं है । ये एक उल्लंघन है । इसे कभी भी नॉर्मल नहीं माना जाना चाहिए । जरा सोचिए, क्या आप अपने घर के अंदर के वीडियो को बिना आपकी जानकारी के पब्लिकली शेयर किया जाना बर्दाश्त करेंगे? हममें से कोई भी ऐसा नहीं करेगा । एक विनम्र लेकिन सख्त अपील है कि अगर आपको ऑनलाइन ऐसा कोई कंटेंट मिलता है, तो प्लीज उसे फॉरवर्ड या शेयर न करें । और मीडिया के हमारे उन दोस्तों से, जिन्होंने ये तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए हैं, मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूं कि इन्हें तुरंत डिलीट कर दें । थैंक्यू ।”
















