एक समय था जब अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस के गारंटी कुमार कहे जाते थे लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर पहले जैसा कमाल नहीं दिखा पा रही हैं । हालाँकि इससे अक्षय के काम करने के जज्बे को कम नहीं किया है । जहां एक तरफ़ अक्षय कुमार अपनी अगली फ़िल्म OMG 2 की रिलीज़ की तैयारी कर रहे हैं वहीं उनके फ़ैंस को लगता है कि कहीं ये फ़िल्म भी उनकी पिछली फ़िल्मों की तरह फ्लॉप नहीं हो जाए । इसी बीच एक हिट को तरस रहे अक्षय ने भी फ्लॉप फ़िल्मों पर चुप्पी तोड़ी है और बताया की उन्हें आलोचना से फर्क पड़ता है और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का हिट या फ्लॉप होना उनके लिए मायने रखता है ।

अक्षय कुमार ने फ्लॉप फ़िल्मों पर चुप्पी तोड़ी
अक्षय ने हाल ही में फाइनेंशियल एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा कि, “मेरे जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहे हैं । एक कॉमन बात यह है कि जब सब कुछ अच्छा होता है तो सभी तारीफ करते हैं और जब ये नहीं होता है तो यह आपकी कल्पना से अधिक आलोचना करते हैं । हां, मैं इंसान हूं, और अच्छा होने पर अच्छा लगता है, और बुरा होने पर बुरा लगता है, लेकिन मुझे अपनी काबिलियत पर भी गर्व है कि मैं इन सब से बहुत जल्दी आगे बढ़ जाता हूं । जो चीज मुझे आगे बढ़ाती है, वो वही इच्छा है जो मेरे अंदर काम शुरू करने के पहले दिन थी, मुझे काम करना पसंद है । और इसे मुझसे कोई नहीं छीन सकता ।”
बॉक्स ऑफिस नंबर्स को लेकर अक्षय ने आगे कहा, “बेशक, बॉक्स ऑफिस नंबर्स परेशान करते है । हम बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के कारण बनते या बिगड़ते हैं । इसे आप हिट और फ्लॉप कहते हैं । दर्शक हमें बताते हैं कि हम कब सही और कहां हम गलत हो रहे हैं । हाँ, ये सब बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में दिखता है, क्योंकि अगर कोई फिल्म नहीं चलती है, तो इसका मतलब है कि लोग इसे देखने नहीं आए, जिसका मतलब है कि वे इससे जुड़ नहीं पाए, जो इशारा करता है कि यह आपके लिए बदलने का समय है । मुझे लगता है कि एक पूरी इंडस्ट्री के तौर पर हम सब ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं ।”
बता दें कि पिछले कुछ वक्त से अक्षय की लगातार कई फिल्में फ्लॉप साबित हो रही हैं । लेकिन अब अक्षय फिर से अपनी नई फ़िल्मों के साथ फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं । अक्षय की आगामी फ़िल्मों की बात करें तो वह जल्द ही द ग्रेट इंडियन रेस्क्यू में परिणीति चोपड़ा के साथ नज़र आएँगे । इसके अलावा OMG 2 में भी वह लीड रोल में नज़र आएँगे ।
















