आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की दिवाली रिलीज थामा ने बॉक्स ऑफिस पर 25.11 करोड़ रू के साथ धमाकेदार शुरुआत की । फ़िल्म को मिले पॉजिटिव रिव्यूज और दर्शकों की तारीफों के चलते थामा ने शुरुआती तीन दिनों में ही 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया । आयुष्मान खुराना की पहली हॉरर-कॉमेडी थामा ने अपनी रिलीज़ के पहले दिन (21 अक्टूबर) 25.11 करोड़, दूसरे दिन यानी बुधवार को ₹19.23 करोड़ और गुरुवार को ₹14.45 करोड़ का कलेक्शन किया । इस तरह फ़िल्म थामा बॉक्स ऑफिस पर अब तक कुल 58.79 करोड़ रू का कलेक्शन कर चुकी है ।

थामा वर्सेस एक दीवाने की दीवानियत
पोस्ट-दिवाली गिरावट को देखते हुए ये आंकड़े उम्मीद के मुताबिक हैं, क्योंकि अभी वीकेंड आना बाकी है। अगर गुरुवार को कलेक्शन ₹15.50-16.50 करोड़ के आसपास रहता तो और बेहतर होता, लेकिन मौजूदा परफॉर्मेंस भी मजबूत मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शुक्रवार को फिल्म कितनी स्थिर रहती है और शनिवार-रविवार को इसकी रफ्तार कैसी रहती है।
अगर फिल्म शुक्रवार को ₹15-16 करोड़ का कलेक्शन कर लेती है, तो शनिवार को ₹20 करोड़ पार करने और रविवार को मंगलवार के आंकड़े (₹25 करोड़ से अधिक) को पार करने की पूरी संभावना रहेगी। ऐसा होने पर फिल्म वीकेंड के अंत तक ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी और इसके बाद थामा की यात्रा ₹200 करोड़ क्लब की ओर बढ़ सकती है।
हालांकि, आने वाले दिनों में कई फैक्टर्स फिल्म की ग्रोथ को प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए अगला तीन-दिन का पीरियड बेहद अहम है। चूंकि फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, इसलिए इसकी ‘डबल सेंचुरी’ लगाने की उम्मीदें भी मज़बूत हैं। साथ ही, रिलीज़ के लिए खुला सीज़न होने के कारण मेकर्स को भरोसा है कि ‘थामा’ बॉक्स ऑफिस पर लंबी पारी खेलेगी।

वहीं थामा के साथ रिलीज हुई मिलाप मिलन ज़वेरी के निर्देशन में बनी एक दीवाने की दीवानियत की बात करें तो, यह फ़िल्म भी लगातार दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है। फिल्म ने तीसरे दिन यानी गुरुवार को भी मज़बूत प्रदर्शन करते हुए ₹7.10 करोड़ का कलेक्शन किया । इससे पहले फिल्म ने ओपनिंग डे पर ₹10.10 करोड़ और दूसरे दिन (बुधवार) ₹8.88 करोड़ और तीसरे दिन गुरुवार 7.10 करोड़ रू की कमाई की । नतीजतन फ़िल्म अब तक कुल 26.08 करोड़ रू का कलेक्शन कर चुकी है ।
गुरुवार को भले ही यह एक वीकडे था, लेकिन भाई दूज के मौके का फायदा फिल्म को मिला, जब परिवारों ने छुट्टी का आनंद लेते हुए सिनेमाघरों का रुख किया। अब नज़रें शुक्रवार पर टिकी हैं, जब असली वीकेंड की शुरुआत होगी। अगर फिल्म आज ₹6 करोड़ से ऊपर टिक जाती है, तो इसे ‘डिसेंट होल्ड’ कहा जाएगा, क्योंकि शनिवार और रविवार को ग्रोथ लगभग तय मानी जा रही है। वहीं, अगर शुक्रवार को ₹7 करोड़ से अधिक का कलेक्शन होता है, तो फिल्म रविवार तक ही ₹50 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है जो इसके लिए शानदार उपलब्धि होगी।
भले ही यह लक्ष्य रविवार को पूरा न हो पाए, लेकिन मौजूदा ट्रेंड के अनुसार मंगलवार तक फिल्म का ₹50 करोड़ पार करना तय माना जा रहा है। इसका मतलब है कि एक दीवाने की दीवानियत सिर्फ थिएट्रिकल बिज़नेस के ज़रिए ही प्रॉफिट ज़ोन में प्रवेश कर लेगी।
फिल्म की रफ्तार को देखते हुए इसके लाइफटाइम कलेक्शन के ₹70 करोड़ से ऊपर जाने की उम्मीद है जो इसे 2025 की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल करेगा, जिन्होंने अपेक्षाकृत सीमित बजट में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की है।
















