ये बात किसी ने नहीं छुपी है कि, महाभारत पर फ़िल्म बनाना आमिर खान का ड्रीम प्रोजेक्ट है । ख़ुद आमिर खान ने भी ये बात खुलकर कबूल की है कि वह महाभारत पर इत्मीनान से फ़िल्म बनाना चाहते हैं और इस विषय के साथ पूरा न्याय हो इसके लिए उन्हें थोड़ा समय चाहिए । इसी बीच अब आमिर ने यह भी बोल दिया है कि हो सकता है कि महाभारत उनकी आख़िरी फ़िल्म हो । हाल ही में राज शमानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान आमिर खान ने महाभारत फ़िल्म के बारें में खुलकर बात की । साथ ही बताया कि वह अपनी आखिरी फिल्म कैसी चाहते हैं ।

महाभारत आमिर खान की आखिरी फ़िल्म ?
पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जब आमिर से सवाल किया गया कि अगर आमिर खान अपनी आखिरी फिल्म बना रहे हैं तो आप किस विषय पर फिल्म बनाना चाहेंगे ? तो इस सवाल का जवाब देते हुए आमिर खान ने कहा, “मेरा सपना यह है कि मैं महाभारत बनाऊं और मैं अब इस पर काम शुरू कर रहा हूं । इसकी (सितारे जमीन पर) रिलीज के बाद मैं इस पर काम शुरू कर रहा हूं । 20 जून के बाद मैं महाभारत पर काम शुरू कर दूंगा ।”
इसके अलावा आमिर ने यब भी बताया कि वह अपनी आखिरी फिल्म कैसी चाहते हैं । उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक ऐसा काम है, ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसे करने के बाद शायद मुझे लगे कि अब इसके बाद कुछ और करने को नहीं बचा क्योंकि इसका जो मटेरियल है, वो इतना भव्य है, अद्भुत है, परतों से भरा हुआ है। दुनिया में जो कुछ भी है, वो महाभारत में मिल जाता है ।”
आख़िर में आमिर यह भी कहा कि, “मैं चाहता हूं कि काम करते-करते ही दुनिया से जाऊं, लेकिन अगर कोई आखिरी प्रोजेक्ट सोचूं तो शायद वह महाभारत ही हो ।” आमिर खान ने कहा, “वैसे तो मेरी उम्मीद है कि मैं काम करते-करते ही मरूं। जैसे कि एके हंगल जी कहा करते थे कि मैं काम करते हुए ही जाना चाहता हूं, लेकिन चूंकि आप पूछ रहे हैं, तो एक बात जो मेरे मन में आती है, वो यही है कि अगर मैंने महाभारत कर ली, तो शायद मुझे लगे कि अब इसके बाद कुछ करने को नहीं है।”
















