बॉक्स ऑफिस पर अपार सफलता हासिल करने वाली आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म लगान की रिलीज को 22 साल पूरे हो गए हैं । आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी लगान 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी । इस फिल्म ने कई मायनों में इतिहास रच दिया । बॉलीवुड की सबसे सफल फिल्मों में से एक लगान में आमिर खान ने अपनी बेमिसाल एक्टिंग से सभी का दिल जीत लिया था । लेकिन बहुत कम लोग जानते होंगे कि बॉलीवुड की कल्ट क्लासिक लगान सबसे पहले अभिषेक बच्चन को ऑफ़र की गई थी वो भी एक बार नहीं बल्कि कई बार । लेकिन अभिषेक बच्चन ने इसे हर बार ठुकरा दिया था ।

22 Years of Lagaan: अभिषेक बच्चन को एक बार नहीं कई बार ऑफ़र हुई आमिर खान की लगान ; लेकिन हर कहा नो ; बताया क्यों ठुकराई इतनी बडी फ़िल्म

अभिषेक बच्चन ने ठुकराई लगान

हर कोई इस बात को जानने के लिए उत्सुक है कि आखिर क्यों अभिषेक ने इतनी अच्छी फ़िल्म को ठुकराया । तो इस बारे में अभिषेक ने हाल ही में खुलासा किया है कि आखिर क्यों वह इस फ़िल्म का हिस्सा बनने के लिए तैयार नहीं थे । ईटी टाइम्स की खबर के मुताबिक, उन्होंने कहा, “मुझे यकीन था कि मैं इस भूमिका के लिए सही नहीं था। मैं लगान जैसी एपिक के लिए उस समय काफी रॉ और नया था । बेशक, मुझे पता था कि यह बहुत बड़ी हिट होने वाली है, लेकिन मैं इसका हिस्सा बनने के लिए तैयार नहीं था ।”

यह पूछे जाने पर कि क्या अब अगर उन्हें लगान ऑफर होती तो वह इसमें काम करने पर विचार करेंगे ? इसका जवाब देते हुए अभिषेक ने कहा, “मुझे खुशी है कि आमिर ने लगान में काम किया । वह इस प्रोजेक्ट में बहुत सारा जादू विश्वसनीयता लेकर आए । हर फिल्म और भूमिका की अपनी नियति होती है । क्या आप जानते हैं मार्लन ब्रैंडो से पहले कितने अभिनेताओं को 'द गॉडफादर' की पेशकश की गई थी ? हम इस बारे में क्यों बात कर रहे हैं ? यह शर्मिंदा कर देने वाला है । मैं उन फिल्मों के बारे में बात करूंगा जो मैंने की हैं, न कि उन फिल्मों के बारे में बात करूंगा जो मैंने नहीं की हैं ।”