Taapsee-Pannu-6

अमिताभ बच्चन अभिनीत हालिया रिलीज फ़िल्म पिंक की जबरदस्त सफ़लता से तापसी पन्नू इन दिनों ऊंचाईयां छू रही हैं । लेकिन पिंक से पहले, तापसी ने शूजीत सरकार की दूसरी फ़िल्म रनिंग शादी डॉट कॉम पूरी कर ली थी लेकिन किसी वजह से फ़िल्म की रिलीज डेट टल गई थी और फ़िल्म रिलीज होने में देरी हो गई । यह फ़िल्म थोड़े समय के लिए ठंडे बस्ते में चली गई थी लेकिन अब अच्छी खबर ये है कि ये फ़िल्म रिलीज होने वाली है ।

अपनी फ़िल्म बेबी को साइन करने से पहले ही तापसी ने रनिंग शादी डॉट कॉम की शूटिंग कर ली थी । पूरे दो साल लटकने के बाद आखिरकार अब ये फ़िल्म रिलीज होने जा रही है । सूत्र के मुताबिक, तापसी पन्नू की यह फ़िल्म जनवरी 2017 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी । सुनने में आया है कि इसके मेकर्स को ज्यादा फ़ायदा चाहिए था इसलिए फ़िल्म रिलीज नहीं हुई । जब से पिंक रिलीज हुई है तब से इसके मेकर्स ने अपनी लटकी हुई फ़िल्म रनिंग शादी डॉट कॉम को जनवरी में रिलीज करने की तैयारी कर ली है ।

रनिंग शादी डॉट कॉम एक रोमांटिक फ़िल्म है जिसमें अमित साध के साथ तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी । मुख्य रूप से अमृतसर में शूट की गई यह फ़िल्म शूजीत सरकार द्दारा प्रोड्यूस और अमित रॉय द्दारा निर्देशित की गई है । फिल्म युवा तेवर लिए हुए है और इसकी कहानी एक वेबसाइट से जुड़ी है जो लोगों की भाग कर शादी करने में मदद करती है ।