Amitabh-Bachchan-and-Aamir-Khan-1

पहले, हमने आपको बताया था कि आमिर खान और अमिताभ बच्चन पहली बार एक साथ आगामी फ़िल्म ठग ऑफ़ हिंदोस्तान में नजर आने वाले हैं, इस फ़िल्म को यशराज फ़िल्म्स द्दारा प्रोड्यूस किया जाएगा ।

हाल ही मे, अमिताभ बच्चन ने अपने 74वें जन्मदिन पर एक प्रेस कॉंफ़्रेंस के दौरान आमिर खान के साथ काम करने की खबर पर मुहर लगाई । इतना ही नहीं अमिताभ ने आमिर के साथ काम करने के उत्साह को भी व्यक्त किया और बताया कि वह काफ़ी समय से आमिर खान के साथ काम करना चाहते थे लेकिन कभी कोई अवसर ही नहीं मिला । अमिताभ ने बताया कि वे अपनी आगामी फ़िल्म ठग ऑफ़ हिंदोस्तान की शूटिंग फ़रवरी 2017 से शुरु करेंगे । उन्होंने कहा कि, 'पहले ऐसे कई प्रयास किए गए जिसमें मैं और आमिर एक साथ काम कर सके लेकिन ऐसा हो न सका । मैं आमिर के साथ काम करने के लिए उस अवसर की तलाश में था । आमिर खान एक बहुत अच्छे अभिनेता और बहुत शानदार स्टार हैं । वह कई सालों से बॉक्सऑफ़िस और इस इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं । मैं अपने आपको भाग्यशाली समझता हूं कि मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला । ठग ऑफ़ हिंदोस्तान की शूटिंग फ़रवरी 2017 से शुरू हो जाएगी ।'

धूम 3 के लेखक और निर्देशक विजय कृष्ण आचार्य (विक्टर), एक बार फ़िर आमिर खान के साथ इस फ़िल्म में काम कर रहे हैं । फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के नाम की घोषणा होना अभी बाकी है । आगामी फ़िल्म ठग ऑफ़ हिंदोस्तान 7 नवंबर 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।