पंजाब इन दिनों अपनी इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। इस कठिन समय में बॉलीवुड सितारे और उनकी फ़ाउंडेशन पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान की मीर फ़ाउंडेशन भी राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है। शाहरुख खान की मीर फ़ाउंडेशन ने 1,500 परिवारों तक मदद पहुंचाई है ।

शाहरुख खान की मीर फाउंडेशन पंजाब के बाढ़ प्रभावित 1,500 परिवारों तक पहुंचा रही है दवाइयां, राशन और ज़रूरी सामान

शाहरुख खान की मीर फ़ाउंडेशन मदद के लिए आगे आई

मीर फ़ाउंडेशन स्थानीय एनजीओज़ के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में ज़रूरी राहत सामग्री बाँट रही है। इन राहत किट्स में दवाइयाँ, हाइजीन सप्लाई, खाद्य सामग्री, मच्छरदानी, तिरपाल, फोल्डिंग बेड, कॉटन गद्दे और अन्य ज़रूरत का सामान शामिल है। यह पहल अमृतसर, पटियाला, फाज़िल्का और फ़िरोज़पुर ज़िलों के लगभग 1,500 परिवारों तक पहुँचेगी। इसका मक़सद प्रभावित परिवारों की तत्काल स्वास्थ्य, सुरक्षा और आश्रय संबंधी ज़रूरतों को पूरा करना है, साथ ही उन्हें सम्मान के साथ अपनी ज़िंदगी को दोबारा संवारने में मदद देना है।

इससे पहले सलमान ख़ान की बीइंग ह्यूमन फ़ाउंडेशन ने राहत कार्यों के लिए संसाधन जुटाए हैं। संगठन ने पाँच नावें भेजीं, जिनमें से तीन नावों का उपयोग फंसे हुए लोगों को निकालने, भोजन पहुँचाने और वालंटियर्स की मदद करने में किया जा रहा है। बाकी दो नावें फ़िरोज़पुर बॉर्डर पर प्रशासन को औपचारिक रूप से सौंप दी गईं। इसके अलावा, पंजाब पर्यटन बोर्ड के चेयरमैन दीपक बाली ने पुष्टि की है कि बीइंग ह्यूमन फ़ाउंडेशन बाढ़ प्रभावित बॉर्डर के गाँवों को गोद लेगी, जैसे ही स्थिति सामान्य होगी।

वहीं, अक्षय कुमार ने पंजाब में राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। इस बारे में उन्होंने कहा:
"मैं इसे दान नहीं मानता, बल्कि सेवा समझता हूँ। मुझे खुशी है कि मुझे मदद का अवसर मिला। यह मेरा छोटा-सा योगदान है। मेरी दुआ है कि पंजाब में आई यह प्राकृतिक आपदा जल्द टल जाए। रब मेहर करे।"

ज़मीनी स्तर पर अभिनेता रणदीप हुड्डा भी सबसे पहले मदद के लिए पहुँचे। बाढ़ के तुरंत बाद वे पंजाब गए और स्वयं राहत कार्यों में शामिल हुए। उन्होंने रेस्क्यू टीमों की मदद की और प्रभावित परिवारों तक सहायता सामग्री पहुँचाई।