
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरूख खान को एक बार फिर अमेरिका के लॉस एंजेलिस एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया । फिर जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया । अपने हिरासत में लिए जाने और छूटने की जानकारी खुद सुपरस्टार ने ट्विटर पर दी ।
शाहरुख खान , जो एक सोशल मीडिया प्रेमी है, अपने इस बुरे अनुभव को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, मैं पूरी तरह सुरक्षा के तरीकों को समझता हूं, आज जो हालात हैं उसमें सुरक्षा का सम्मान भी करता हूं, लेकिन हर बार अमेरिकी आव्रजन विभाग द्वारा हिरासत में लिया जाना वाकई बहुत बुरा लगता है ।
गौरतलब है कि शाहरुख को इससे पहले भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है । बीते सात साल में तीन बार शाहरुख खान को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ा है । शाहरुख खान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर खुद शाहरुख ने सबसे मजेदार कमेंट लिखा था, मैं जब भी खुद को बड़ा स्टार समझकर अभिमानी महसूस करने लगता हूं, मैं हमेशा अमेरिका चला जाता हूं क्योकि वहां के आव्रजन लोग मेरे स्टारडम के स्टार को एक झटके में बाहर निकाल देते हैं ।
अपने इस बुरे अनुभव के बाद भी शाहरुख ने अपने सेंस ह्यूमर का इस्तेमाल करते हुए ट्विट किया, इसका अच्छा पहलू यह है कि इंतजार करते समय कई बढ़िया पोकेमॉन पकड़ पाया ।
दरअसल, शाहरुख खान यूरोप में इम्तियाज अली की फिल्म की शूटिंग के लिए गए हुए थे, वहां से अमेरिका आए थे । हालांकि इसके बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने शाहरुख खान को पूछताछ के लिए रोकने को लेकर खेद जताया ।
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब शाहरुख खान जैसे ग्लोबल स्टार को एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया । इससे पहले वर्ष 2012 में शाहरुख खान को न्यूयार्क हवाईअड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने दो घंटे तक हिरासत में रखा था और साल 2009 में भी शाहरुख खान को न्यूजर्सी स्थित नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हिरासत में लिया गया था ।
















