शाहरुख खान एक बार फ़िर फ़ॉर्म में लौट आए हैं । 2018 के बाद से अब तक फ़िल्मी पर्दे से दूर रहे शाहरुख खान अब एक साथ अपनी 3 फ़िल्मों पर काम कर रहे हैं । जहां एक तरफ़ शाहरुख खान सिद्दार्थ आनंद के साथ एक्शन थ्रिलर पठान की शूटिंग लगभग पूरी कर चुके हैं वहीं दूसरी ओर उन्होंने अब तमिल फ़िल्ममेकर एटली की फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है । इसके बाद शाहरुख खान फ़िल्ममेकर राजकुमार हिरानी की सोशल ड्रामा फ़िल्म शुरू करेंगे । एटली की फ़िल्म में शाहरुख खान के साथ साउथ एक्ट्रेस नयनतारा और प्रियामणि भी नजर आएंगी ।

एटली के साथ शाहरुख खान की फ़िल्म
शाहरुख ने महाराष्ट्र के पुणे शहर से एटली की फ़िल्म की शुरूआत की थी और अब फ़िल्म की टीम ने मुंबई शेड्यूल शुरू कर दिया है । खबरों की मानें तो, शाहरुख और एटली साउथ मुंबई के एक हॉस्पिटल में शूटिंग करने जा रहे हैं । यह शूटिंग शेड्यूल 10 दिनों का है । कहा जा रहा है कि पुणे और गोरेगांव की फिल्म सिटी में शूटिंग के बाद अब शाहरुख Cumbala Hill के BD Petit Parsee हॉस्पिटल में शूट करने जा रहे हैं । इसके बाद वह स्पेन के लिए रवाना होंगे जहां दीपिका पादुकोण के साथ अपनी कमबैक फिल्म पठान के इंटरनैशनल शेड्यूल को पूरा करेंगे जो कि फ़िल्म का फ़ाइनल शेड्यूल होगा ।
एटली के साथ शाहरुख की इस फ़िल्म का नाम फ़िलहाल के लिए जवान रखा गया है । बॉलीवुड हंगामा ने शाहरुख की एटली के साथ इस फ़िल्म को लेकर बताया था कि फ़िल्म की कहानी के एक पहलू को वेब सीरिज मनी हाइस्ट के देसी वर्जन के रूप में तैयार किया गया है । शाहरुख इसमें प्रोफ़ेसर का किरदार निभाएंगे जिसके इर्द-गिर्द लड़कियां मंडराती हैं । इसमें शाहरुख पिता और बेटे दोनों का किरदार निभाने वाले हैं । जी हां, एक बुजुर्ग शाहरुख तो एक जवान शाहरुख फ़िल्म में नजर आने वाले हैं ।
मेकर्स इस फ़िल्म को पैन इंडिया की फ़िल्म बनाना चाहते हैं इसलिए इसमें बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ के कलाकारों को भी शामिल किया गया है । इस फ़िल्म में शाहरुख, नयनतारा और प्रिया मणि के अलावा मराठी एक्ट्रेस रुतुजा, सान्या मल्होत्रा, योगी बाबू और सुनील ग्रोवर अहम रोल में नजर आएंगे ।
















