वॉर 2 न केवल अपने एक्शन और स्टार कास्ट के कारण हेडलाइन में बनी हुई है, बल्कि यह अपने बड़े बजट के कारण भी बॉलीवुड की सबसे प्रत्याशित फ़िल्मों में से एक बन गई है । बॉलीवुड हंगामा ने हाल ही में वॉर 2 के पूरे 400 करोड़ रुपये के बजट और उसके ब्रेकडाउन को लेकर एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी । इसी के साथ हमने यह भी बताया था कि, वॉर 2 में जूनियर एनटीआर को 70 करोड़ रुपये की मोटी फीस दी जा रही है, जबकि ऋतिक रोशन को 50 करोड़ रुपये के साथ फिल्म के ओवरऑल प्रॉफिट में हिस्सा मिलेगा । अब इस मामले में एक दिलचस्प मोड़ आया है। ट्रेड से जुड़ी बेहद भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार, यशराज फिल्म्स (YRF) ने वॉर 2 के तेलुगू राइट्स नागा वामसी को बेच दिए हैं – और वो भी एकमुश्त 90 करोड़ रुपये में।

वॉर 2 के तेलुगू राइट्स 90 करोड़ में बिके
बॉलीवुड हंगामा के विश्वसनीय ट्रेड सूत्रों के मुताबिक, “नागा वामसी ने वॉर 2 के तेलुगू थिएट्रिकल राइट्स 90 करोड़ में खरीद लिए हैं। इसका मतलब यह है कि तेलुगू बेल्ट में जो भी मुनाफा होगा, वह अब नागा वामसी का होगा। वहीं YRF को इस डील से 400 करोड़ रुपये के बजट में से 90 करोड़ की सीधी रिकवरी हो चुकी है ।”
इस डील का सबसे दिलचस्प हिस्सा यह है कि नागा वामसी और एनटीआर जूनियर के बीच एक बैकएंड प्रॉफिट-शेयरिंग समझौता भी हुआ है। सूत्र ने आगे बताया, “एनटीआर जूनियर को जहां पहले ही 70 करोड़ की फीस मिल चुकी है, वहीं तेलुगू वर्ज़न की कमाई में से भी उन्हें हिस्सा मिलेगा। माना जा रहा है कि फिल्म की रिलीज़ के बाद उनका कुल भुगतान 100 करोड़ से भी ज़्यादा हो सकता है, क्योंकि वॉर 2 की तेलुगू मार्केट में कमाई जबरदस्त रहने वाली है। इस हिस्से में न तो ऋतिक रोशन का कोई हिस्सा होगा और न ही YRF का – यह सिर्फ वामसी और एनटीआर जूनियर के बीच बंटेगा ।”
दूसरी ओर, ऋतिक रोशन की डील सीधे YRF के साथ हुई है, जिसमें उन्हें फिल्म के कुल प्रॉफिट से एक तय प्रतिशत हिस्सा मिलेगा । YRF की नजर में तेलुगू राइट्स की कमाई 90 करोड़ पर फिक्स हो चुकी है, उसके बाद की सारी कमाई वामसी और एनटीआर जूनियर की होगी – क्योंकि यह डील मिनिमम गारंटी (MG) मॉडल पर हुई है।
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी वॉर 2, 14 अगस्त 2025 को रिलीज़ होने जा रही है।
















