1997 की क्लासिक वॉर ड्रामा बॉर्डर के सीक्वल बॉर्डर 2 को लेकर एक बड़ी कास्टिंग घोषणा की गई है। निर्माता टी-सीरीज़ और जे.पी. फिल्म्स ने खुलासा किया है कि इस फिल्म में वरुण धवन के अपोजिट न्यूकमर मेधा राणा को लीड फीमेल रोल में कास्ट किया गया है। फ्राइडे नाइट प्लान, इश्क इन द एयर, डांसिंग ऑन द ग्रेव, और लंदन फाइल्स में अपने दमदार अभिनय से सबकों चौंकाने वाली अभिनेत्री मेधा राणा अब बॉर्डर 2 में बॉलीवुड स्टार वरुण धवन की प्रेमिका की भूमिका निभाती नजर आएंगी । बॉर्डर 2 , 23 जनवरी, 2026 को गणतंत्र दिवस वीकेंड पर रिलीज़ होगी। केसरी जैसी हिट फिल्म बना चुके डायरेक्टर अनुराग सिंह के निर्देशन में बन रही बॉर्डर 2 जहां ओरिजिनल फिल्म की देशभक्ति की विरासत को आगे बढ़ाएगी, वहीं नई कहानी और ताज़ा कास्टिंग के साथ खुद की एक अलग पहचान बनाने का भी दावा कर रही है।

बॉर्डर 2 में वरुण धवन के अपोजिट नज़र आएंगी न्यूकमर मेधा राणा
मेधा राणा, जो खुद एक आर्मी बैकग्राउंड से आती हैं, को इस भूमिका के लिए चुना जाना एक सोचा-समझा फैसला माना जा रहा है। निर्माता भूषण कुमार ने कहा, “हमारे लिए ये बहुत ज़रूरी था कि हम किसी ऐसे चेहरे को लाएं जो उस क्षेत्र की बोली, जज़्बा और जड़ता को नैचुरली निभा सके। मेधा न सिर्फ़ अपनी अभिनय प्रतिभा बल्कि अपनी बोली और इमोशनल रेंज से भी हमें प्रभावित कर गईं ।”
को-प्रोड्यूसर निधि दत्ता ने इस कास्टिंग को लेकर कहा, “बॉर्डर 2 सिर्फ एक फिल्म नहीं, एक इमोशन है । हमारी हर कास्टिंग और डायरेक्शन का चुनाव इसी सोच से किया गया है कि हम एक ईमानदार, असरदार और प्रासंगिक कहानी कहें। मेधा और वरुण की जोड़ी फिल्म को एक नई फ्रेशनेस और सच्चाई देगी ।”
स्टार पावर नहीं, कहानी है प्राथमिकता
यह कास्टिंग एक रणनीतिक बदलाव की ओर इशारा करती है, जहां स्टार पावर से ज़्यादा कहानी और किरदार की प्रामाणिकता को महत्व दिया जा रहा है। फिल्म में एक ओर जहां वरुण धवन एक रग्ड आर्मी ऑफिसर की भूमिका निभा रहे हैं, वहीं मेधा राणा इस फिल्म के ज़रिए अपना बड़ा डेब्यू करने जा रही हैं।
बॉर्डर 2 में सनी देओल एक बार फिर एक पावर-पैक्ड आर्मी ऑफिसर के रूप में वापसी करेंगे। इसके अलावा दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। फीमेल कास्टिंग को लेकर सोनम बाजवा, मौनी रॉय और विनाली भटनागर के नाम भी चर्चा में हैं।
भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता द्वारा निर्मित और गुलशन कुमार व टी-सीरीज़ द्वारा प्रस्तुत बॉर्डर 2 एक बार फिर भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि देने का वादा करती है।
फिल्म से मेधा राणा के किरदार को लेकर और जानकारियां आने वाले महीनों में साझा की जाएंगी।
















