Salman-Khandec-03

सलमान खान, जो उपनगरीय मुंबई के आलीशान इलाके में रहते हैं, ने हाल ही में बीएमसी से शिकायत की थी कि बांद्रा स्थित बैंडस्टैंड पर उनके घर के बाहर कई लोग खुले में शौच कर रहे हैं । इस शिकायत के बाद बीएमसी ने सलमान खान को ही, खुले में शौच रोकने के लिए चलाए जा रहे अपने कैंपेन का चेहरा बनने का ऑफ़र दिया जिसे सलमान खान ने खुशी-खुशी स्वीकर कर लिया । सरकार के इस कैंपेन का चेहरा बनने के बाद सलमान खान के बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन ने बीएमसी को 5 मोबाइल टॉइलेट देने का वादा किया जो बैंडस्टैंड में रखा जाएगा ।

खुले में शौच करना मुख्य रूप से शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी के कारण बढ़ रहा है जिसकी वजह से अनेकों बीमारियां पैदा होती है । और इन सब बातों से परेशान होकर सलमान खान ने इस मामले को बीएमसी के सामने रखने का फ़ैसला किया और इससे होने वाले नुकसान से भी बीएमसी को अवगत कराया । हालांकि महाराष्ट्र सरकार पहले से ही शहर में इस मुद्दे को सुलझाने में प्रयासरत है और कुछ क्षेत्र तो खुले में शौच से मुक्त घोषित हो भी गए हैं । सरकार को लगता है कि सुपरस्टार सलमान खान का समर्थन इस अभियान की वैल्यू को और भी ज्यादा बढ़ा देगा ।

कथित तौर पर, , न केवल सलमान खान ने इस अभियान में भाग लेने के लिए अपनी मंजूरी दी है, बल्कि वह जितना संभव हो सकेगा उतना सरकार को अपना समर्थन प्रदान करेंगे और अपने बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन के माध्यम से साफ-सफाई अभियान के बारे में जागरूकता पैदा करने मदद करेंगे । सलमान खान के इस सहयोग के बारें में बात करते हुए सहायक नगर आयुक्त किरण दिघावकर ने खुलासा किया कि स्टार की मौजूदगी अभियान की पहुंच को बढ़ा देगी ।

सलमान खान इससे पहले, हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए प्रसिद्ध सफाई अभियान में भी सक्रिय रूप से शामिल थे ।