सलमान खान का फ़िल्म इंडस्ट्री में इतना दबदबा है कि कोई भी उन्हें किसी भी चीज के लिए न नहीं कह सकता है । हो भी क्यों न आखिर वह बॉलीवुड के 'सुल्तान' जो है । सलमान ने न जाने कितने नवोदित कलाकारों को अपनी फ़िल्मों से लॉंच किया और नए कलाकारों को एक प्लेटफ़ॉर्म देने का सिलसिला अभी तक बदस्तूर जारी है । इतना ही नहीं जब कॉमेडियन कपिल शर्मा बुरे वक्त से गुजर रहे थे और टेलिविजन पर अपने कमबैक के लिए रास्ते तलाश रहे थे तब सलमान खान ने ही उनके लोकप्रिय शो, द कपिल शर्मा शो, को प्रोड्यूस करने का जिम्मा लिया । इसलिए सलमान खान के लिए कपिल शर्मा के दिल में एक अलग ही सम्मान है । कपिल शर्मा को शानदार कमबैक दिलाने के बाद अब सलमान कपिल और सुनील ग्रोवर की दुश्मनी को भी खत्म करने की जुगत में जुट गए है ।

सलमान खान ने फ़ाइनली सुनील ग्रोवर को कपिल शर्मा के साथ फ़िर से काम करने के लिए मना लिया ?

सलमान खान लगातार सुनील ग्रोवर को मना रहे हैं

कपिल और सुनील के बीच की जंग किसी से छुपी हुई नहीं है । एक साथ लोगों को हंसाने वाले कपिल और सुनील की राहें अब जुदा हो चुकी है लेकिन उनके फ़ैंस आज भी इस जोड़ी को साथ देखने के लिए उत्साहित है । इसलिए अब इसका जिम्मा भी सलमान ने ही लिया है । गौरतलब है कि,सुनील ग्रोवर जल्द ही सलमान के साथ आगामी फ़िल्म भारत में स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे ।

भारत को प्रमोट करने के लिए सुनील कपिल के शो में आएंगे

सलमान न केवल सुनील को अपने साथ कपिल के शो में भारत को प्रमोट करने के लिए लाने वाले हैं बल्कि इस शो का परमानेंट हिस्सा बनने के लिए भी मनाने की कोशिश में लगे हुए है । हालांकि सुनील ने कपिल के साथ हुए उस झगड़े को भूला दिया है लेकिन वह कपिल के साथ फ़िर से काम करने के बारें में फ़िलहाल नहीं सोच रहे है । लेकिन सलमान सुनील को लगातार मना रहे है कि कपिल और सुनील फ़िर से एक हो जाए । अब ये देखना दिलचस्प होगा कि सलमान की बात का सुनील और कपिल पर कितना असर होगा ।

सलमान 12 साल बाद भंसाली के साथ काम करेंगे

सलमान ने हाल ही में भारत की शूटिंग खत्म की और अब जल्द ही दबंग 3, की शूटिंग शुरू करेंगे । जल्द ही सलमान दबंग रिलोडेड टूर में व्यस्त हो जाएंगे जिसमें उनका साथ देंगी सोनाक्षी सिन्हा, जैकलीन फ़र्नांडीज और कैटरीना कैफ़ । इसके अलावा सलमान जल्द ही पूरे 12 साल बाद अपने पंसदीदा फ़िल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ काम करने जा रहे है ।

संजय लीला भंसाली अपनी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म हम दिल दे चुके सनम के बाद सलमान खान को एक बार फ़िर रोमांटिक हीरो के रूप में पेश करेंगे । क्योंकि भंसाली की सलमान के साथ आगामी फ़िल्म लव स्टोरी पर बेस्ड है । भंसाली की टीम इस फ़िल्म की तैयारियों में जी-जान से जुट गई है । सुनने में आया है कि भंसाली ने अपनी आगामी फ़िल्म के लिए दो टाइटल को रजिस्टर करवाया है और वे है- दिल दे दिया इंशाअल्लाह और प्यार हो गया इंशाअल्लाह । लेकिन अभी तक ये कन्फ़र्म नहीं हुआ है कि इनमें से किस फ़िल्म का टाइटल सलमान खान की फ़िल्म के लिए यूज होगा ।

यह भी पढ़ें : द कपिल शर्मा शो में सलमान खान की वजह से फ़िर होगा कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर का मिलन

सलमान जल्द ही अपने होम प्रोडकशन में बनी फ़िल्म नोटबुक में मोहनीश बहल की बेटी प्रनूतन बहल और जहीर इकबाल को लॉंच करने जा रहे है । यह फ़िल्म 29 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।