Saint to reward Rs. 1 crore to chop off the tongue of Toilet - Ek Prem Katha’s director

जब से अक्षय कुमार की फ़िल्म टॉयलेट- एक प्रेम कथा की शूटिंग मथुरा में शुरू हुई है, तब से फ़िल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई है । लेकिन इस बार ये फ़िल्म एक विवाद में फ़ंस गई है । दरअसल मथुरा के लोगों को लगता है कि ये फ़िल्म भगवान कृष्ण और राधा के बारें में है ।

हमने सुना है कि मथुरा के संतों ने फिल्म में नंदगांव और बरसाना गांव के लड़का-लड़की की शादी दिखाने पर नाराजगी जाहिर की है । इतना ही नहीं सोमवार को हुई एक महापंचायत में फिल्म के डायरेक्टर की जुबान काटने पर 1 करोड़ के इनाम की घोषणा तक कर दी गई है ।

दरअसल फिल्म के एक सीन में नंदगांव का लड़का और बरसाना की लड़की की शादी का एक शॉट फिल्माया जाना है लेकिन वहां के लोगों ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया है । लोगों का कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो इन गांवों की सदियों पुरानी परम्परा टूट जाएगी । फिल्म का विरोध करने के लिए एक महापंचायत बुलाई गई । महापंचायत में फूलडोल महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति फिल्म निर्माता की जीभ काटकर लाएगा उसे एक करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा ।

बरसाना गांव में हुई इस महापंचायत में संतों ने डायरेक्टर पर फिल्म में शादी के इस सीन से लोगों की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है । उनका कहना है कि ऐसा दिखाकर सालों से चली आ रही गांव को परंपरा को तोड़ा गया है, जिसके मुताबिक इन दो गांव के लड़का-लड़की आपस में शादी नहीं कर सकते, क्योंकि लंबे समय से दोनों गांवों के बीच शादी ना करने का रिवाज है । दरअसल इनमें से एक गांव भगवान कृष्ण और दूसरा राधा का है ।

बरसाना और नंदगांव मे ‘टॉयलेट: एक प्रेमकथा’ की शूटिंग की जा रही है यह फिल्म देश के

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के अंतर्गत बनाई जा रही है लेकिन अब नंदगांव और बरसाना के लोग और साधु संतो ने इस फिल्म का विरोध करना शुरु कर दिया है ।

अक्षय की फिल्म टॉयलेट- एक प्रेम कथा एक ओर तो प्रधानमंत्री के 'स्वच्छ भारत' अभियान को समर्थन करती है तो दूसरी ओर सफाई का ध्यान नहीं रखने वालों के लिए चुभते व्यंग्य के बीच दर्शकों को हास्य परोसती है । अक्षय कुमार के साथ इस फ़िल्म में भूमि पेडनेकर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी । यह फ़िल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।