979343540

जब से अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित आगामी फ़िल्म शिवाय का ट्रेलर जारी हुआ है तब से इसके शानदार विजुअल इफ़ेक्ट और एक्शन से भरपूर दृश्यों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है । अमिताभ बच्चन से लेकर अनिल कपूर तक पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री ने इसके ट्रेलर कीऽउर अजय देवगन के काम की खूब सराहना की ।

शिवाय की तारीफ़ करने की फ़ेहरिस्त में नया नाम जुड़ा है ऋषि कपूर का, जो शिवाय के ट्रेलर से बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने जमकर इसकी तारिफ़ की । शिवाय के ट्रेलर के बारें में अपनी राय रखते हुए ऋषि कपूर ने कहा कि अब हिंदी सिनेमा अपने विस्तार पर है । ऋषि कपूर ने लिखा, हिंदी सिनेमा अपने क्षितिज का विस्तार कर रहा है । बधाई हो । सभी तरह की फ़िल्में बननी चाहिए ।

जैसे ही अजय देवगन ने ऋषि कपूर का ये ट्विट पढ़ा तो उन्होंने तुरंत ही ऋषि कपूर को धन्यवाद देते हुए कहा कि, मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं । आपके आशीर्वाद की जरूरत है ।

गौरतलब है कि अजय देवगन की फ़िल्म शिवाय शिव से जुडी मान्यताओं को नए ज़माने के मुताबिक़ पेश करती है । फ़िल्म शिवाय में कहानी को रियलिस्टिक टच देने के लिए इसे हिमालय की दुर्गम घाटियों के बीच फ़िल्माया गया है । फ़िल्म की शूटिंग भारत के हिमालय और बुल्गारिया के बर्फीले पहाड़ों के बीच की गई है ।

अजय देवगन के बैनर तले बनी फ़िल्म शिवाय में अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे साथ ही सायशा सहगल और एरिका कार भी नजर आएंगी । यह फ़िल्म दीपावली के दिन करण जौहर की आगामी रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल के साथ 28 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।