1066622752

भले ही इन दिनों प्रियंका चोपड़ा अपने काम के सिलसिले में अमेरिका में हों लेकिन उनका दिल हमेशा अपने देश भारत के लिए ही धड़कता है । अभिनय, गायकि, टीवी और अब फ़िल्म निर्माण में एंट्री ले चुकीं प्रियंका अपने हर काम पर बराबर रूप से नजर रखती हैं । प्रियंका इन दिनों अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले प्रादेशिक फ़िल्म प्रोड्यूस कर रही हैं लेकिन अब प्रियंका ने प्रादेशिक फ़िल्मों से बाहर निकलकर बॉलीवुड फ़िल्में प्रोड्यूस करने का फ़ैसला किया है ।

दिलचस्प बात ये है कि जब से प्रियंका के प्रोडक्शन हाउस पर्पल पेबल पिक्चर्स (पीपीपी) की  घोषणा हुई है तब से ये कयास लगाए जा रहे थे कि प्रियंका आगामी बॉलीवुड फ़िल्में प्रोड्यूस करेंगी । लेकिन जल्द ही प्रियंका ने ऐलान कर दिया कि वो फ़िलहाल प्रादेशिक फ़िल्मों को ही प्रोड्यूस करेंगी और एक निर्माता के रूप में उनकी पहली फ़िल्म भोजपुरी होगी । जब प्रियंका अपने अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट में व्यस्त होती हैं तब भारत में उनके प्रोडक्शन हाउस को उनकी मां मधु चोपड़ा संभालती हैं । मधु चोपड़ा इन दिनों मराठी फ़िल्म वेंटिलेटर पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही हैं और उसके बाद एक पंजाबी फ़िल्म का निर्माण भी करेंगी । अब ऐसा लगता है कि प्रियंका अपने प्रोडक्शन हाउस को विस्तार में जुटी हुईं हैं । प्रियंका अब बॉलीवुड फ़िल्म निर्माण करना चाहती हैं और इसके लिए प्रियंका ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं । हमने सुना है कि मधु चोपड़ा ने इसके लिए नया स्टाफ़ भी खोजना शुरू कर दिया है जो बॉलीवुड फ़िल्म निर्माण की विंग को संभाले । बहरहाल इसके लिए जल्द ही आधिकारिक पुष्टि की जाएगी ।

गौरतलब है कि इन दिनों प्रियंका चोपड़ा अपने अमेरिकी टीवी सीरिज क्वांटिको के सीजन 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं । प्रियंका जल्द ही अपनी पहली हॉलीवुड फ़िल्म बेवॉच में ड्वेन जॉनसन के अपोजिट नजर आएंगी ।