1066619359

ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले पहली बार भारत में लाइव कंसर्ट का आयोजन करने वाला हैं जिसमें कई बॉलीवुड सितारे भी भाग लेंगे । मुंबई में 19 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कॉन्सर्ट में रणवीर सिंह भी ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले के साथ ग्लोबल सिटीजन महोत्सव के पहले संस्करण के साथ स्टेज शेयर करते हुए नजर आएंगे ।

रणवीर सिंह का नाम उन बॉलीवुड सितारों के नामों की सूची में शामिल है, जो इस महोत्सव में प्रस्तुति देंगे । इस लाइव कॉन्सर्ट में  बिग बी, एआर रहमान जैसे कई हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना है । इस महोत्सव का आयोजन गलोबल सिटीजन के 15 साल के अभियान को शुरू करने के लिए किया जा रहा है, जो भारत में सामाजिक परिवर्तन को लामबंद करेगा । इस समारोह में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अन्य प्रस्तुतियां भी होंगी । इसके अलावा हिप हॉप सुपरस्टार जे जेड भी परफ़ोर्म करेंगे । 6 घंटे तक चलने वाले इस लाइव कॉन्सर्ट में लाइव म्यूजिक परफ़ोर्मेंस, स्टार डांसिंग और प्रख्यात फिल्म निर्माताओं द्वारा लघु फिल्में दिखाई जाएंगी ।

गौरतलब है कि  यह कन्सर्ट चैरिटी के लिए किया जा रहा है । इससे मिलने वाले पैसों से 2030 तक दुनिया से गरीबी को दूर करने का प्रयास किया जाएगा । चैरिटी के लिए किए जा रहे इस लाइव कॉन्सर्ट में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई प्रभावशाली नेता अत्यधिक गरीबी के खिलाफ इस वैश्विक पहल की वकालत पर बोलेंगे ।

अपने पहले साल में, ग्लोबल सिटीजन इंडिया व्यापक तौर पर इस प्रकार की चीजें प्रस्तुत करेगा, जो शिक्षा, समानता, जल सफाई और स्वच्छता जैसी चीजों पर ध्यान केंद्रित करेंगी ।