
ग्लोबल स्टार बन चुकी बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, लगता है अब रुकने का नाम नहीं लेंगी, एक के बाद एक रिकॉर्ड अपने नाम कराकर प्रियंका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाने में आखिरकार कामयाब रहीं । अब प्रियंका चोपड़ा ने दुनिया की सबसे ज्यादा कमाने वाली टीवी अभिनेत्री की सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया है ।
फोर्ब्स ने 15 सबसे अधिक भुगतान पाने वाली टीवी अभिनेत्रियों की एक नई सूची जारी की है जिसमें प्रियंका चोपड़ा ने अपनी जगह बनाई है । हालांकि ये तो नहीं पता कि प्रियंका बतौर टीवी अभिनेत्री होकर कितना भुगतान पाती है लेकिन ये जानकार बहुत खुशी हुई की कोई भारतीय अभिनेत्री इस प्रतिष्ठित सूची में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही । पिछले साल प्रियंका ने एक अमेरिकी टीवी शो क्वांटिको से अपने टीवी करियर की शुरूआत की थी जिसके बाद प्रियंका एक ग्लोबल स्टार बन गईं थी । इतना ही नहीं, प्रियंका हाल ही में एप्पी फ़िज़ की ब्रांड एंबेस्डर बनीं हैं और जिसके लिए प्रियंका को मोटी रकम दी गई है ।
प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने अमेरिकी टीवी शो क्वांटिको के दूसरे सीजन की तैयारियों में जुटी हुईं हैं । इसके अलावा प्रियंका हॉलीवुड फ़िल्म बेवॉच के साथ अपना हॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं जिसमें वह ड्वेन जॉनसन और जैक एफ्रोन के साथ नजर आएंगी ।
















