
उत्तर प्रदेश सरकार ने समाजवादी किसान बीमा योजना के ब्रांड एंबेसडर के रूप में बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को नियुक्त किया है । अब वे इस योजना का प्रचार-प्रसार करेंगे । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा ये ऐलान किया गया ।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में इसका ऐलान किया । उन्होंने उम्मीद जतायी कि नवाजुद्दीन की मदद से यह स्कीम अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचेगी । स्कीम के तहत ढाई लाख रुपये के कैशलेस इलाज की सुविधा है जबकि अंग प्रत्यारोपण के लिए एक लाख रुपये देने की व्यवस्था है । इस मौके पर नवाजुद्दीन ने कहा कि वह इस स्कीम से जुडकर खुश हैं क्योंकि उनके पूर्वज भी किसान थे । नवाज ने कहा कि उन्हें इस बात से खुशी है कि वह इस ऐसा प्लेटफार्म मिला है जिसके जरिए वह किसानों व गरीबी तक पहुंच कर इस योजना को ज्यादा से ज्यादा से पहुंचा सकूं । वह अखिलेश यादव के शुक्रगुजार हैं, जिन्होंने उन्हें इस काबिल समझा ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान बीमा योजना से किसान व गरीब दोनों को मदद मिलेगी । नवाजुद्दीन इस योजना को घर-घर पहुंचाएंगे । किसान बीमा कार्ड के होने से किसान इलाज करा पाएगा ।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी हाल ही में हालिया रिलीज फ़िल्म फ़्रीकी अली में नजर आए थे । नवाज जल्द ही शाहरुख खान की आगामी फ़िल्म रईस में नजर आएंगे । यह फ़िल्म 26 जनवरी 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















