प्रयागराज महाकुंभ से लाइमलाइट में आई कजरारे नैनों वाली मोनालिसा अब फ़िल्मों में आने वाली हैं । महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा को बॉलीवुड फ़िल्म का ऑफर मिला है जिसे उन्होंने ख़ुशी-ख़ुशी स्वीकार कर लिया है । महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा को फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने अपनी अपकमिंग फ़िल्म के लिए साइन किया है ।

महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा बनेगी एक्ट्रेस
माला बेचकर गुजर बसर करने वाली मोनालिसा राइटर-डायरेक्टर सनोज मिश्रा की फ़िल्म डायरी ऑफ मणिपुर से अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रही हैं । मणिपुर में हुई खौफनाक घटना पर बनने वाली इस मूवी में मोनालिसा अहम रोल में नजर आने वाली हैं । डायरेक्टर मनोज मिश्रा ने मध्य प्रदेश के खरगोन जिले स्थित महेश्वर में मोनालिसा के घर जाकर उन्हें अपनी अगली फिल्म के लिए कास्ट किया है ।
फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा के मुताबिक दो दिन बाद इंदौर में मोनालिसा की ट्रेनिंग शुरू होगी । पहले उसे पर्सनैलिटी डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी जाएगी । इसके बाद एक्टिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी । फिल्म में मोनालिसा रिटायर्ड आर्मी अफसर की बेटी का रोल निभाएंगी । उनकी यह फिल्म अक्टूबर या नवंबर में रिलीज होगी । मोनालिसा भी ये फिल्म करने के लिए तैयार हो गई हैं । उन्होंने सनोज मिश्रा से कहा है कि वो अपने रोल के लिए बहुत मेहनत करेंगी।
डायरेक्टर ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वे मोनालिसा और उनके परिवार से मिले । वीडियो में डायरेक्टर ने कहा, “मैं मोनालिसा को मूवी में अच्छे से प्रेजेंट करूंगा । इसका भविष्य मुझे फिल्मों में बनाना है । मैं उनके परिवारवालों से भी मिला, सभी बेहद भोले लोग हैं । मोनालिसा मेहनत करने के लिए तैयार हैं । ये अभी बच्ची है इसे तैयार करना हमारी जिम्मेदारी है ।”
बता दें कि 16 साल की मोनालिसा अपने पिता जय सिंह और मां लता सिंह के साथ महाकुंभ मेले में पहुंची थी । वह मध्य प्रदेश के खरगौन जिले के महेश्वर की रहने वाली है. मोनालिसा दो भाईयों और दो बहनों में सबसे बड़ी है । बंजारा समाज से ताल्लुक रखने वाले उसके माता-पिता और करीबी रिश्तेदार माला बेचने का ही काम करते हैं । उसके परिवार के साथ कबीले और गांव के कई रिश्तेदार महाकुंभ मेले में माला बेचने आए थे, लेकिन अपनी नीली आंखों के चलते वायरल हुई मोनालिसा मीडिया के कैमरे और इंटरव्यू से परेशान होकर मेला छोड़ दिया था । मोनालिसा महाकुंभ छोड़कर पिता के साथ वापस अपने घर महेश्वर लौट गई थी ।
















