
कुछ दिन पहले, करण जैहर की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे न केवल प्रशंसकों द्दारा बल्कि पूरे फ़िल्म जगत द्दारा खूब सराहा गया । अब तक खूब सुर्खिया बटोर चुके इस फ़िल्म के ट्रेलर ने फ़िल्म के प्रति जिज्ञासा को और बढ़ा दिया है । रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा, ऐश्वर्या राय बच्चन और फ़वाद खान के अभिनय से सजी ये फ़िल्म दिल के टूटने, दोस्ती और एक तरफा प्यार पर केंद्रित है ।
जब से फ़िल्म की घोषणा हुई है है तब से ये कयास लगाए जा रहे थे कि इस फ़िल्म में शाहरुख खान भी एक छोटे से रोल में नजर आएंगे । क्योंकि शाहरुख खान करण जौहर के साथ पहले भी कई फ़िल्मों में साथ काम कर चुके हैं इसलिए ऐ दिल है मुश्किल को लेकर भी ये कयास लगाए गए । करण जौहर ने टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में इस बात की पुष्टि की कि शाहरुख खान भी उनकी आगामी फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल में एक छोटे से रोल में नजर आएंगे । इस पर विस्तार से बताते हुए करण ने कहा कि, 'काम को लेकर शाहरूख और मेरे बीच कमाल के संबंध हैं । मैंने पिछले सात सालों में उनके साथ कोई फिल्म नहीं की है, लेकिन उन्होंने दिवाली पर रिलीज हो रही मेरी एक फिल्म में एक सीन किया है, और सात साल बाद जब मैंने उन्हें डायरेक्ट किया, मैंने महसूस किया, कि कुछ नहीं बदला है । उन्हें एकदम मालूम था, कि मुझे क्या चाहिए और मुझे पता था कि वो क्या करने वाले हैं ।
सूत्रों से पता चला है कि फिल्म में शाहरूख खान ऐश्वर्या राय बच्चन के पति के किरदार में नजर आएंगे जिसकी मौत हो जाती है । इसके बाद ही रणबीर और ऐश्वर्या की प्रेम कहानी शुरू होती है, जो लव ट्रायंगल से भी आगे निकल जाती है ।
धर्मा प्रोडक्शन्स द्दारा प्रोड्यूस और करण जौहर द्दारा निर्देशित फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल 28 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















