
फ़िल्म अभिनेता और फ़िल्ममेकर कमल हासन, जिसने दक्षिण फ़िल्मों को करने से पहले कई सारी हिंदी फ़िल्में की, जो की ज्यादातर सुपरहिट साबित हुईं, को फ्रांस सरकार द्वारा प्रतिष्ठित शेवलियर अवॉर्ड से नवाजा जाएगा । फ़्रांस सरकार का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड द नाईट ऑफ द ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स, फ्रांस के संस्कृति एवं संचार मंत्री द्वारा कमल हासन को दिया जाएगा ।
यह पुरस्कार प्रसिद्ध कलाकारों एवं लेखकों के साथ-साथ वैसे लोगों के काम को मान्यता प्रदान करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने फ्रांस और पूरी दुनिया में कला को आगे बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान किया है ।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कमल हासन अपनी बीमारी को लेकर खबरों में थे । फ़्रांस के इस सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड को पाने पर कमल हासन के प्रवक्ता ने कहा, यह सम्मान किसी अभिनेता के लिए एक और पुरस्कार है, और यह उसके उच्चस्तर की कलात्मक विशिष्टता एवं उसकी असाधारण उपलब्धियों को मान्यता है । 61 वर्षीय कमल हासन को यह अवॉर्ड एक विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा ।
ऐसा पहली बार नहीं है जब फ़्रांस के ये प्रतिष्ठित अवॉर्ड किसी भारतीय कलाकार को दिया जाएगा, इससे पहले भी इस पुरस्कार को पाने वाले अन्य अभिनेताओं में दिवंगत तमिल अभिनेता शिवाजी गणेशन, अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्य राय बच्चन, नंदिता दास और शाहरुख खान शामिल रहे हैं ।
















