
अत्यंत बहुमुखी अभिनेता इरफान खान, जो हालिया रिलीज पोलिटिकल ड्रामा फ़िल्म मदारी में नजर आए थे, बहुत जल्द तनुजा चंद्रा की आगामी फ़िल्म में मुख्य अभिनेता के तौर पर नजर आएंगे । खबरों के मुताबिक, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता इरफ़ान खान को फ़िल्म की स्क्रिप्ट काफ़ी पसंद आई । गौरतलब है कि तनुजा चंद्रा इसकी स्क्रिप्ट पर काफी लंबे समय से काम कर रही थी ।
इरफ़ान खान अभिनीत ये फ़िल्म एक रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म होगी जो ऐसे जोड़े के इर्द-गिर्द घूमेगी जिसे एक रोड ट्रिप के दौरान प्यार हो जाता है । फ़िल्म भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी और इसकी शूटिंग नवंबर में शुरू हो जाएगी ।
तनुजा चंद्रा की फ़िल्म के अलावा इरफ़ान खान ने निर्देशक साकेत चौधरी की फ़िल्म हिंदी मीडियम के लिए शूटिंग पहले ही शुरु कर दी है । फ़िल्म हिंदी मीडियम में इरफ़ान के साथ पाकिस्तानी अभिनेत्री सबा कमर नजर आएंगी । इसके अलावा इरफ़ान ने होमी अदज़ानिया की अगली फ़िल्म भी साइन की है जिसमें वो एक रॉकस्टार का किरदार अदा करेंगे ।
















