
भारतीय सिनेमा में अभूतपूर्व योगदान देने के लिए इस साल प्रियदर्शनी अकादमी के 32वीं एनिवर्सिरी ग्लोबल अवार्ड्स समारोह में बॉलीवुड की दो अभिनेत्रियों- जूही चावला और कैटरीना कैफ़ को स्मिता पाटिल मेमोरियल अवार्ड से नवाजा गया । कैटरीना कैफ़ को इस अवॉर्ड के लिए चुना जाना किसी को भी रास नहीं आ रहा । कैटरीना कैफ को स्मिता पाटिल मेमोरियल अवार्ड दिए जाने पर की गई अलोचनाओं के बीच दिग्गज अभिनेत्री जूही चावला उनके बचाव में आई हैं । उन्होंने कहा कि कैटरीना इस पुरस्कार की हकदार हैं ।
कैटरीना कैफ को हिंदी सिनेमा में उनके योगदान के लिए स्मिता पाटिल अवॉर्ड देने का ऐलान होने के बाद सोशल मीडिया पर कैट का जमकर मजाक उड़ाया गया । लोगों का कहना है कि कैट इस अवॉर्ड के लायक नहीं हैं ।
तमाम आलोचनाएं झेल चुकी कैटरीना को इस मुद्दे पर बॉलीवुड जगत के कई कलाकारों का समर्थन मिल रहा है उसी में से एक हैं बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला, जिन्हें कैट के साथ ये सम्मान दिया गया । कैटरीना का समर्थन करते हुए जूही चावला ने कहा कि, कैटरीना के पास 10 सुपर-डुपर हिट फिल्में हैं । मुझे लगता है कि वह इस पुरस्कार की हकदार हैं । वह काफी सुंदर और अपने काम के प्रति समर्पित हैं ।
गौरतलब है कि, बार बार देखो की असफ़लता के बाद कैटरीना कैफ़ अब अपनी आगामी फ़िल्में, जिसमें शामिल हैं रणबीर कपूर संग जग्गा जासूस और सलमान खान संग टाइगर जिंदा है, पर ध्यान केंद्रित करेंगी
















