पिछले कई दिनों से शाहरुख खान की अगली फ़िल्म को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे है । खबर आई थी कि सुपरस्टार शाहरुख खान साउथ के फ़िल्ममेकर एटली कुमार के साथ कोई मसाला एक्शन फ़िल्म करने की प्लानिंग कर रहे है । लेकिन इस बारें में शाहरुख की ओर से कोई ऑफ़िशियल जानकारी सामने नहीं आई । हालांकि दिवाली से पहले एटली कुमार ने शाहरुख खान के साथ फ़िल्म करने का एक संकेत जरूर दिया था ।

शाहरुख खान की एटली कुमार के साथ फ़िल्म पर काम जारी है
वहीं फ़िल्ममेकर राजकुमार हिरानी, राज निदिमोरू और कृष्णा डीके, सिद्धार्थ आनंद के साथ भी शाहरुख के फ़िल्म करने की खबरें आने लगी । इसलिए एटली कुमार के साथ शाहरुख की मसाला एक्शन फ़िल्म की चर्चा दब गई । इसलिए सभी को लगा कि एटली के साथ शाहरुख की ये फ़िल्म ठंडे बस्ते में चली गई ।
पहले स्क्रीनप्ले तैयार करने में जुटे एटली कुमार
तो क्या वाकई एटली और शाहरुख की फ़िल्म ठंडे बस्ते में चली गई ? क्या इसे अब कभी नहीं बनाया जाएगा या ये बनने की प्रक्रिया में है ? तो अब हम आपको बता दें कि शाहरुख का एटली के साथ ये प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में नहीं गया है बल्कि इसे बनाया जा रहा है । प्रोजेक्ट से जुड़े सूत्र ने खुलासा कि्या है कि, ''जब एटली शाहरुख से मिले थे तो उनके हाथ में पूरी स्क्रिप्ट नहीं थी । उनके पास प्लॉट तैयार करने का माद्दा था और उन्होंने चार दमदार सीक्वंस लिखे थे । ये सीक्वंस थे, शाहरुख की एंट्री, इंटरमिशन प्वाइंट, क्लाइमेक्स इत्यादि । लेकिन शाहरुख आगे बढ़ने से पहले पूरी स्क्रिप्ट देखेने के पक्ष में थे । इसलिए एटली ने पहले स्क्रीनप्ले तैयार करने का फ़ैसला लिया ।''
करण जौहर भी इस फ़िल्म से जुड़े
और इसी बीच इस प्रोजेक्ट में अब एक और दिलचस्प मोड़ आया है । करण जौहर का धर्मा प्रोडक्शन भी शाहरुख और एटली के इस प्रोजेक्ट में सहयोग कर रहा है । सूत्र ने बताया कि, “एटली इस समय पटकथा विकसित करने के लिए धर्मा प्रोडक्शंस की रचनात्मक लेखन टीम के साथ काम कर रहे हैं । एटली, करण जौहर और शाहरुख यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि स्क्रिप्ट में निर्देशक का ट्रेडमार्क स्टाइल हो साथ ही पैन-इंडिया अपील भी हो ।''
सूत्र ने आगे ये भी बताया कि, “लेखन प्रक्रिया में कुछ समय लगेगा । शाहरुख इस बीच, एक या दो फ़िल्मों की शूटिंग भी खत्म कर देंगे और इसके बाद ही वह एटली की फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर पाएंगे । इसलिए यह कहा जा सकता है कि, इस फ़िल्म की शूटिंग 2021 के मध्य से पहले शुरू नहीं हो पाएगी । निश्चितरूप से इस फ़िल्म की सफ़लता इस फ़िल्म से जुड़े सभी लोगों के लिए काफ़ी मायने रखती है । शाहरुख इस फ़िल्म से ब्लॉकबस्टर होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं क्योंकि उनके खाते में कई सालों से कोई ब्लॉकबस्टर फ़िल्म नहीं गई है । वहीं एटली को भी इससे बॉलीवुड में अपने पैर जमाने है ।''
यह भी पढ़ें : शाहरुख खान के लिए 'ब्लॉकबस्टर' फ़िल्म बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं करण जौहर ?
















