नामित मल्होत्रा और यश के प्रोडक्शन में बन रही नितेश तिवारी की मेगाबजट फ़िल्म रामायण की पहली झलक ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया है । फ़िल्म की कहानी, स्केल, बजट से लेकर स्टार कास्ट तक फ़िल्म के लिए प्रत्याशा बढ़ा रहे हैं । रणबीर कपूर, यश, सनी देओल और साईं पल्लवी की रामायण में अब एक और किरदार ने अपने रोल को बॉलीवुड हंगामा के साथ कन्फर्म कर दिया है । और वो है भरत का किरदार जिसे मराठी अभिनेता और फिल्ममेकर आदिनाथ कोठारे प्ले कर रहे हैं । बॉलीवुड हंगामा से एक्सक्लूसिव बातचीत में आदिनाथ कोठारे ख़ुद रामायण में अपने किरदार भरत को कन्फर्म किया ।

EXCLUSIVE: मेगाबजट रामायण में आदिनाथ कोठारे ने कंफर्म किया अपना रोल ;  “भारतीय सिनेमा में यह सबसे अच्छी तरह प्लान की गई फिल्मों में से एक है”

आदिनाथ कोठारे बनेंगे भरत

अपनी खुशी जाहिर करते हुए आदिनाथ ने कहा, “यह मेरे लिए एक आशीर्वाद जैसा है । यह भारतीय धरती पर बनी अब तक की सबसे बड़ी फिल्म है। और आज के समय में यह ग्लोबली भी सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक है। इसका हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं मुकेश छाबड़ा सर का बहुत आभारी हूं जिन्होंने मुझे कास्ट किया, और नितेश सर का जिन्होंने मुझे भरत जैसे महत्वपूर्ण किरदार के लिए चुना। साथ ही नमित मल्होत्रा सर का भी, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी।”

गौरतलब है कि भरत  भगवान राम के भाइयों में से एक हैं और रामायण की कथा में उनका किरदार अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

आदिनाथ कोठारे ने फिल्म की प्लानिंग और स्केल को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया, “नितेश सर और नमित सर की विज़न कमाल की है। ये लोग बिल्कुल क्लियर और वेल-प्लान्ड हैं। उन्होंने इस प्रोजेक्ट की प्री-प्रोडक्शन में लगभग 10 साल लगाए हैं। नितेश सर ने रामायण की स्क्रिप्टिंग 2016 या 2017 में शुरू की थी। लॉकडाउन से पहले ही VFX और प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो चुका था।”

उन्होंने आगे कहा, “भारतीय सिनेमा में यह सबसे अच्छी तरह प्लान की गई फिल्मों में से एक है। हमें इस प्रोजेक्ट को इतने क़रीब से देखने का मौका मिल रहा है, यह अपने आप में एक बड़ी सीख है। कोई फिल्म स्कूल यह अनुभव नहीं दे सकता।”

आदिनाथ ने यह भी साझा किया कि जब उन्होंने पहली बार स्क्रिप्ट सुनी, तो वह चौंक गए। “जब मैंने स्क्रीनप्ले सुना, तो मैं दंग रह गया। स्क्रिप्ट इतनी पावरफुल है कि बाकी सब—VFX, प्रोडक्शन वैल्यू, डिटेलिंग—तो सिर्फ़ ‘चेरी ऑन द केक’ हैं। यह अब तक की सबसे बेहतरीन स्क्रिप्ट्स में से एक है जो मैंने पढ़ी है।”

रामायण में रणबीर कपूर – भगवान राम, साईं पल्लवी – माता सीता, रवि दुबे – लक्ष्मण, सनी देओल – भगवान हनुमान और आदिनाथ कोठारे – भरत के किरदार में नजर आने वाले हैं ।