अर्जुन रेड्डी, कबीर सिंह और एनिमल जैसी ब्लॉकबस्टर देने वाले डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा इंडस्ट्री के सबसे डिमांडिंग फ़िल्ममेकर्स में से एक हो गए हैं । हर फ़िल्म स्टार उनके साथ काम करना चाहता लेकिन पिछले दिनों दीपिका पादुकोण ने संदीप रेड्डी वांगा की प्रभास स्टारर फ़िल्म स्पिरिट से अचानक बाहर होने का फ़ैसला कर सभी को चौंका दिया । कहा जा रहा था कि, दीपिका पादुकोण ने शूटिंग के घंटे सीमित करने जैसी ‘अवास्तविक शर्तें’ रखी थी जिसे संदीप रेड्डी वांगा ने नहीं माना और फिर उन्होंने फ़िल्म से बाहर होने का फ़ैसला किया । लेकिन अब हमें इस पूरे मामले की असली सच्चाई का पता लग गया है कि आख़िर दीपिका पादुकोण ने संदीप रेड्डी वांगा की स्पिरिट को क्यों छोड़ा था ।

सच्चाई आई सामने! दीपिका पादुकोण का संदीप रेड्डी वांगा की प्रभास स्टारर स्पिरिट को छोड़ने का असली कारण अब आया सामने ; अल्लू अर्जुन से निकला कनेक्शन

प्रभास स्टारर स्पिरिट छोड़ने की सच्चाई

लेकिन अब इस पूरे मामले की असल वजह सामने आई है। एक सूत्र ने, जो इस प्रोजेक्ट से बहुत क़रीब से जुड़ा है, बताया, “दीपिका को संदीप वांगा की फिल्म की स्क्रिप्ट और उनका किरदार बहुत पसंद आया था । कॉन्ट्रैक्ट की प्रक्रिया चल रही थी, तभी लगभग एक हफ्ते बाद उन्हें एटली  की अगली फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ काम करने का ऑफर मिला । वह स्क्रिप्ट उन्हें स्पिरिट से भी ज़्यादा पसंद आई । चूंकि दोनों प्रोजेक्ट्स एक साथ करना संभव नहीं था, उन्होंने स्पिरिट से अलग होने का फ़ैसला किया ।”

सूत्र ने आगे बताया कि, “वर्किंग ऑवर्स या फीस को लेकर जताई गई आपत्तियों पर संदीप वांगा को कोई आपत्ति नहीं थी । दीपिका ने बस एक बेहतर ऑफर मिलने पर अपनी प्राथमिकता बदली – और इसमें कुछ भी ग़लत नहीं है ।”

गौरतलब है कि दीपिका पहले ही प्रभास के साथ कल्कि 2898 AD में काम कर चुकी हैं, जबकि अल्लू अर्जुन  के साथ उनका यह पहला कोलैबोरेशन होगा – जो उनके लिए एक नया अनुभव साबित हो सकता है।

अब जबकि स्पिरिट में तृप्ति डिमरी की एंट्री हो चुकी है, दीपिका जल्द ही एटली की बिग-बजट फिल्म में नज़र आएंगी।