2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म मानी जा रही ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की वॉर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर पहले सोमवार को ही करारी चोट खा ली है । ओपनिंग वीकेंड में जहां वॉर 2 ने 125 करोड़ रुपये जुटाए थे, वहीं सोमवार को कलेक्शन सिर्फ 5.50 से 6.50 करोड़ रुपये के बीच रहे।

वॉर 2 को मिला डिज़ास्टर टैग
वॉर 2 (हिंदी) बॉक्स ऑफिस पर टिक नहीं पाई है । वीकेंड के ट्रेंड को देखकर पहले ही साफ हो गया था कि फिल्म का कलेक्शन जल्द ही सिंगल डिजिट में पहुँच जाएगा । वॉर 2 का सोमवार का कलेक्शन अब तक की सबसे बड़ी बिग बजट फिल्मों में से एक का सबसे खराब आंकड़ा माना जा रहा है। रविवार की तुलना में सोमवार के कलेक्शन में 75% की गिरावट दर्ज की गई है जिससे फिल्म पर ‘डिज़ास्टर’ का टैग लगभग तय हो गया है ।
ओपनिंग डे पर जहां फिल्म ने 29 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं इंडिपेंडेंस डे पर कलेक्शन 46 करोड़ रुपये तक पहुंचा। लेकिन उसके बाद शनिवार और रविवार को यह घटकर 27 और 28 करोड़ रुपये तक सिमट गया।
वॉर 2 की बॉक्स ऑफिस परफॉरमेंस देखते हुए यह यशराज फिल्म्स की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में से एक बन गई है । यह नतीजा YRF के मेगा प्रोजेक्ट स्पाई यूनिवर्स के भविष्य पर भी सवाल खड़े करता है।
फिल्म के कलेक्शन न सिर्फ छोटे शहरों बल्कि बड़े मल्टीप्लेक्सेस में भी गिरे हैं। कई सिनेमाघरों को सोमवार को शो कैंसिल करने पड़े क्योंकि दर्शक ही नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं, वॉर 2 को एक्सक्लूसिव IMAX फॉर्मेट में दिखाया जा रहा था, लेकिन वहां भी कई शो नो-ऑडियंस की वजह से कैंसिल हुए । सोमवार के आंकड़े आने के बाद फिल्म का डिज़ास्टर होना लगभग तय हो गया है। भले ही मंगलवार को ब्लॉकबस्टर ऑफर हो, लेकिन वर्ड ऑफ माउथ खराब होने की वजह से कलेक्शन में और गिरावट की उम्मीद है। बुधवार और गुरुवार को फिल्म के कलेक्शन बेहद कम रहने की संभावना है और हफ़्ता महज़ 4 करोड़ रुपये के आसपास ही बंद हो सकता है।
फिल्म अब तक 136 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है और एक्सटेंडेड पहले हफ़्ते में किसी तरह 150 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। मगर, इतने बड़े बजट और स्टारकास्ट वाली फिल्म के लिए यह आंकड़ा बेहद निराशाजनक है। सबसे बड़ी बात यह है कि अब फिल्म के लिए 200 करोड़ रुपये क्लब में पहुंचना नामुमकिन हो गया है।
















