2026 में बॉलीवुड की वो फ़िल्में रिलीज़ होने वाली हैं जिनका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है । और उन्हीं में से एक है संजय लीला भंसाली की लव एंड वॉर । यह फ़िल्म इसलिए ख़ास है क्योंकि पहले तो यह संजय लीला भंसाली की फ़िल्म है, दूसरा इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ नजर आएंगे । क्योंकि लव एंड वॉर 2026 में रिलीज होगी इसलिए संजय लीला भंसाली अब फ़िल्म की शूटिंग को पूरा करने में जुट गए हैं । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, लव एंड वॉर के कुछ हिस्से संजय लीला भंसाली विदेश में शूट करने वाले हैं । और खास बात यह है कि यह भंसाली की 26 साल बाद पहली फिल्म होगी, जिसकी शूटिंग भारत से बाहर की जाएगी ।

REVEALED: 26 साल बाद विदेश में शूटिंग करेंगे संजय लीला भंसाली ; इटली में शूट होंगे रणबीर कपूर और विक्की कौशल के हाई-ऑक्टेन फेस-ऑफ सीन ; रमज़ान ईद 2026 पर होगी रिलीज

लव एंड वॉर विदेश में होगी शूट

विश्वस्त सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “संजय लीला भंसाली अपने भव्य और विजुअली शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इसके बावजूद उन्होंने कभी भी विदेश जाकर शूटिंग नहीं की। देवदास (2002), ब्लैक (2005), सांवरिया (2007), गुज़ारिश (2010), गोलियों की रासलीला राम-लीला (2013), बाजीराव मस्तानी (2015), पद्मावत (2018) और गंगूबाई काठियावाड़ी (2022) सभी फिल्में भारत में फिल्माई गईं । उनकी आखिरी फिल्म, जिसके लिए वे विदेश गए थे, हम दिल दे चुके सनम (1998) थी, जिसकी शूटिंग का एक अहम हिस्सा हंगरी में हुआ था जिसे फिल्म में इटली दिखाया गया था ।”

सूत्र ने आगे बताया, “लेकिन लव एंड वॉर के लिए विदेशी लोकेशन की ज़रूरत है। इसी कारण भंसाली इस महीने की शुरुआत में लोकेशन देखने के लिए रोम, इटली गए थे । उम्मीद है कि फिल्म की शूटिंग इटली की राजधानी और यूरोप के कुछ और शहरों में होगी ।”

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस महीने रणबीर कपूर और विक्की कौशल के बीच बड़े पैमाने पर फिल्माए जाने वाले फेस-ऑफ सीन शूट किए जाएंगे । जुलाई तक फिल्म की लगभग 100 दिन की शूटिंग पूरी हो चुकी है और करीब 90 दिन की शूटिंग अभी बाकी है ।

लव एंड वॉर  20 मार्च 2026 को रमज़ान ईद पर रिलीज़ होगी। यह फिल्म संजय लीला भंसाली और रणबीर कपूर को लगभग 18 साल बाद फिर से एक साथ लाएगी। रणबीर ने संजय लीला भंसाली की फ़िल्म सांवरिया  से अपना डेब्यू किया था। आलिया भट्ट पहले ही भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी में काम कर चुकी हैं, वहीं विक्की कौशल पहली बार इस निर्देशक के साथ जुड़ रहे हैं ।