
प्रकाश झा, जिसने प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फ़िल्म जय गंगाजल को निर्देशित और को- प्रोड्यूस किया था, एक कानूनी पचड़े में फ़ंस गए हैं । दरअसल जय गंगाजल के सह निर्माता प्ले एंटरटेनमेंट ने प्रकाश झा के खिलाफ़ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है ।
प्ले एंटरटेनमेंट के सीईओ मिलिंद दबके ने ने कहा है कि, फ़िल्म जय गंगाजल को लेकर हमारे बीच हुये समझौता के तहत हमें अभी तक फ़िल्म की मूल कॉपी प्राप्त नहीं हुई है जिसकी वजह से हमारे प्रोडक्शन हाउस को घाटा हो रहा है क्योकि मूल कॉपी के बिना हम किसी भी व्यावसायिक सौदे का निष्पादन करने या किसी टीवी चैनल का सैटेलाइट राइट बेचने में सक्षम नहीं हैं । इसके अलावा, उन्होंने कहा कि झा के साथ एक अन्य सह-निर्माण, अरशद वारसी अभिनीत फिल्म फ्रॉड सैंया, के मामले में कंपनी का सभी कॉपीराइट प्रदान करने पर समझौता हुआ था लेकिन फिल्म के साउंड रिकॉर्डिंग की कॉपराइट दूसरी म्यूजिक कंपनी को बेच दिया गया । दबके ने कहा, इससे साफ पता चलता है कि समझौता ज्ञापन पर काम करते समय म्यूजिक राइट्स को किसी दूसरी कंपनी को बेचने की बात को जानबूझकर दबा दिया गया था ।
इन आरोपों के जवाब में प्रकाश झा प्रोडक्शंस के सीईओ, सुनील अग्रवाल ने इन सभी आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से शिकायत दर्ज कराई गई है । उन्होंने आगे यह भी कहा कि यदि ये सब कुछ जारी रहा तो उन्हें उनके खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज करना पड़ेगा ।
















