इस हफ़्ते बॉक्स ऑफिस पर तीन बड़ी फ़िल्में रिलीज़ हुई है अफवाह,  द केरल स्टोरी और हॉलीवुड फ़िल्म गार्डियंस ऑफ द गैलेक्‍सी 3 । लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है विपुल शाह के प्रोडक्शन हाउस में बनी द केरल स्टोरी । ढेर सारे विवादों और बैन की मांगों के बीच, सुदिप्तो सेन की फिल्म द केरल स्टोरी फ़ाइनली सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई । फ़िल्म में केरल की लड़कियों को धार्मिक झांसे में लेकर ISIS जैसे भयानक आतंकी संगठन से जोड़ने की कहानी दर्शायी जाती है । द केरल स्टोरी ने अपने पहले दिन की कमाई से सभी को हैरान कर दिया है ।

Box Office: हॉलीवुड फ़िल्म गार्डियंस ऑफ द गैलेक्‍सी 3 को द केरल स्टोरी से मिला टफ कॉम्पिटिशन ; ओपनिंग डे पर उम्मीद से आगे निकली अदा शर्मा की फ़िल्म

द केरल स्टोरी की अच्छी ओपनिंग

मौजूदा समय में हॉट टॉपिक बनी हुई द केरल स्टोरी को रिलीज़ से पहले काफ़ी विवादों का सामना करना पड़ा इसलिए दर्शक इसे देखने के लिए थिएटर में उमड़ रहे हैं । फिल्म के डायरेक्शन से लेकर अदा शर्मा के काम की हर तरफ़ सराहना हो रही है । नतीजतन फ़िल्म ने अपनी रिलीज़ के पहले दिन कुल 8.03 करोड़ रू की कमाई की । उम्मीद की जा रही है की पहले वीकेंड में फ़िल्म की कमाई में अच्छा ख़ासा इज़ाफ़ा देखने को मिलेगा ।

अदा शर्मा स्टारर द केरल स्टोरी का ओपनिंग कलेक्शन सभी की उम्मीदों से बहुत ज्यादा है । इसकी वजह ये है कि ये बहुत बड़ी रिलीज नहीं थी । मगर फिल्म को लेकर लगातार चल रही बहसों और चर्चाओं ने इसे के अच्छा माहौल दिया है । इसीलिए फिल्म को पहले दिन इतनी जोरदार ओपनिंग मिली है ।    

वहीं हॉलीवुड फ़िल्म गार्डियंस ऑफ द गैलेक्‍सी 3 की ओपनिंग उम्मीद के मुताबिक़ नहीं रही । गार्डियंस ऑफ द गैलेक्‍सी 3 ने पहले दिन भारत में संतोषजनक कलेक्शन किया । क्रिस प्रैट, जोई सल्डाना, डेव बॉटिस्टा, विन डीजल, ब्रैडली कूपर, करेन गिलन, पॉम क्लिमेनटिफ, विल पॉलटर जैसे बड़े स्टार्स से सजी गार्डियंस ऑफ द गैलेक्‍सी 3 ने पहले दिन 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया ।

वहीं नवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर की अफवाह इन दोनों फ़िल्मों के आगे जरा भी नहीं टिक पाई । सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बनी अफवाह पहले ही दिन डिजास्टर साबित हुई। इसने महज 20-25 लाख रुपये का पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर बिजनेस किया।