करीब दो दशकों बाद हॉलीवुड की आइकॉनिक जोड़ी मेरिल स्ट्रीप (Meryl Streep) और ऐन हैथवे (Anne Hathaway) एक बार फिर साथ नज़र आने वाली हैं। 20th Century Studios ने बहुप्रतीक्षित फिल्म द डेविल वियर्स प्राडा 2 (The Devil Wears Prada 2) का पहला टीज़र जारी कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।

द डेविल वियर्स प्राडा 2 के साथ मेरिल स्ट्रीप और ऐन हैथवे का 20 साल बाद कमबैक ; 1 मई 2026 को होगी रिलीज

मेरिल स्ट्रीप और ऐन हैथवे की वापसी

2006 में रिलीज़ हुई द डेविल वियर्स प्राडा (The Devil Wears Prada) ने अपने तेज़-तर्रार डायलॉग्स, दमदार अभिनय और महत्वाकांक्षा, शक्ति और फैशन की शानदार कहानी से एक कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल किया था। अब इसका सीक्वल इस लीजेंडरी फिल्म को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा कर रहा है।

पहले टीज़र में एक बेहद दिलचस्प पल दिखाया गया है । मेरिल स्ट्रीप की ‘मिरांडा प्रीस्टली’ और ऐन हैथवे की ‘एंडी सैक्स’ सालों बाद एक लिफ्ट में आमने-सामने आती हैं। बस एक नजर का ये टकराव ही फैंस के बीच ज़बरदस्त उत्साह पैदा कर रहा है। सोशल मीडिया पर इस टीज़र को लेकर मीम्स, रिएक्शंस और नॉस्टेल्जिया की बाढ़ आ गई है।

फिल्म के निर्देशक डेविड फ्रैंकल (David Frankel) और लेखिका एलाइन ब्रॉश मैकेना (Aline Brosh McKenna) एक बार फिर दर्शकों को रनवे मैगज़ीन (Runway Magazine) की ग्लैमरस और चालाक दुनिया में ले जा रहे हैं। इस बार कहानी डिजिटल फैशन इंडस्ट्री के बदलते परिदृश्य में सत्ता, प्रभाव और महत्वाकांक्षा की नई जंग को दिखाएगी।

कहानी मिरांडा प्रीस्टली, एंडी सैक्स, एमिली चार्लटन (Emily Blunt) और नाइजल किपलिंग (Stanley Tucci) की ज़िंदगी को आगे बढ़ाती है । जब ये सभी आधुनिक न्यूयॉर्क सिटी की चकाचौंध और प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे से फिर टकराते हैं।

फिल्म में एमिली ब्लंट (Emily Blunt) और स्टैनली टुची (Stanley Tucci) भी अपनी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं। इनके अलावा केनेथ ब्राना, सिमोन एशले, जस्टिन थेरॉक्स, लूसी लियू, पॉलीन शैलेमे, बी.जे. नोवाक और कॉनराड रिकामोरा जैसे नाम इस सीक्वल में नज़र आएंगे।
लौटते हुए कलाकारों में ट्रेसी थॉम्स और टिबोर फेल्डमैन भी शामिल हैं।

वेंडी फाइनरमैन द्वारा निर्मित और माइकल बेडरमैन, करेन रोज़नफेल्ट तथा एलाइन ब्रॉश मैकेना द्वारा सह-निर्मित यह फिल्म अपने चुटीले संवादों, सदाबहार स्टाइल और गहरी भावनाओं के मिश्रण से एक बार फिर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार है।

द डेविल वियर्स प्राडा 2 (The Devil Wears Prada 2) को 20th Century Studios 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ करेगी।