बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राज्यसभा सांसदअमर सिंह की दोस्ती किसी से छुपी हुई नहीं है । बच्चन परिवार से अमर सिंह का रिश्ता काफ़ी गहरा था लेकिन फ़िर अमर सिंह की बयानबाजी के कारण दोनों के बीच दूरी आ गई । लेकिन अब जिंदगी और मौत के लिए जंग लड़ रहे अमर सिंह को इतने सालों बाद अपनी गलती का एहसास हुआ है और इसलिय उन्होंने अमिताभ बच्चन से तहेदिल से माफ़ी मांगी है और अपने व्यवहार के लिए खेद जताया है । बता दें कि, 64 साल के अमर सिंह किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं ।

अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन से मांगी माफ़ी
सिंगापुर में इलाज करा रहे अमर सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर अमिताभ से अपना गिला शिकवा दूर किया है । अमर सिंह ने अपने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरे पिता की आज पुण्यतिथि है और अमिताभ ने मुझे हमेशा की तरह मैसेज किया है । जीवन के इस पड़ाव पर जब मैं जीवन और मृत्यु की लड़ाई लड़ रहा हूं मुझे अमित जी और उनके परिवार के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया के लिए खेद है । ईश्वर उन सभी को आशीर्वाद दे ।'
Today is my father’s death anniversary & I got a message for the same from @SrBachchan ji. At this stage of life when I am fighting a battle of life & death I regret for my over reaction against Amit ji & family. God bless them all.
— Amar Singh (@AmarSinghTweets) February 18, 2020
वीडियो शेयर कर मांगी माफ़ी
अमर सिंह ने ट्वीट के अलावा फेसबुक पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है । इसमें उन्होंने कहा-''पिछले 10 वर्षों से मैं न सिर्फ बच्चन परिवार से दूर रहा, बल्कि यह भी प्रयत्न किया कि उनके दिल में मेरे लिए नफरत हो । लेकिन, आज अमिताभ बच्चन जी ने फिर मेरे पिताजी का स्मरण किया तो मुझे ऐसा लगा कि इसी सिंगापुर में 10 साल पहले गुर्दे की बीमारी के लिए मैं और अमितजी लगभग 2 महीने तक साथ रहे थे और इसके बाद हमारा और उनका साथ छूट सा गया । 10 साल बीत जाने पर भी उनकी निरंतरता में कोई बाधा नहीं आई और वे लगातार अनेक अवसरों पर, चाहे मेरा जन्मदिन हो या पिताजी के स्वर्गवास का दिन हो.. वे हर दिन का स्मरण कर अपने कर्तव्य का निर्वहन करते रहे हैं ।
मुझे लगता है कि मैंने अनावश्यक रूप से ज्यादा उग्रता दिखाई । 60 से ऊपर जीवन की संध्या होती है । एक बार फिर मैं जिंदगी और मौत की चुनौती के बीच से गुजर रहा हूं । वे मुझसे उम्र में बड़े हैं इसलिए उनके प्रति मुझे नर्मी रखनी चाहिए थी और जो कटुवचन मैंने बोला है, उसके लिए खेद भी प्रकट कर देना चाहिए । मेरे मन में कटुता और नफरत से ज्यादा उनके व्यवहार के प्रति निराशा रही, लेकिन उनके मन में न तो कटुता है और न ही निराशा । ईश्वर से यही प्रार्थना है कि सबको ईश्वर उनके कर्मों के अनुसार यथोचित न्याय दे । हमें सब ईश्वर पर छोड़ना चाहिए बजाय इसके कि हम उसके काम में खुद दखल दें। अमितजी बहुत-बहुत धन्यवाद ।
कभी बच्चन परिवार के काफी करीबी रहे अमर सिंह 2012 से बच्चन परिवार से काफी दूर हो गए । अमर सिंह के मुताबिक, 2012 में अनिल अंबानी की पार्टी में हुई जया बच्चन संग कहासुनी के बाद से दोनों परिवारों में दूरियां आ गईं । अमर सिंह ने कहा था, अमिताभ ने उस झगड़े में अपनी पत्नी का साथ दिया था । तभी से दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं ।
इतना ही नहीं साल 2017 में अमर सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब वो अमिताभ से मिले उससे पहले से वो और जया अलग-अलग रह रहे थे । उनमें से एक प्रतीक्षा में रह रहा था और दूसरा अन्य बंगले में रह रहा था जिसका नाम जनक है । उन्होंने ये भी कहा था कि ऐश्वर्या राय बच्चन और जया बच्चन के बीच चीजें ठीक नहीं हैं । हालांकि अमर सिंह के इन सब बयानों पर बच्चन परिवार ने कोई रिएक्शन नहीं दिया था ।
















