कोरोना महामारी के कारण रुकी एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित आरआरआर की शूटिंग अब फ़िर से शुरू हो चुकी है । 5 अक्टूबर से हैदराबाद में फिल्म आरआरआर के कलाकारों और क्रू मेंबर्स के प्रमुख सदस्यों के साथ फ़िर से काम शुरू हो गया है । एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित आरआरआर के साथ अपना साउथ डेब्यू कर रहीं आलिया भट्ट ने भी फ़िल्म की शूटिंग ज्वाइन कर ली है । गंगूबाई काठियावाड़ी की शूटिंग खत्म करके आलिया भट्ट हैदराबाद पहुंच चुकी हैं जहां आरआरआर की शूटिंग चल रही है ।

आलिया भट्ट ने शुरू की आरआरआर की शूटिंग
आरआरआर के मेकर्स ने आलिया के वेलकम में सेट पर पहुंचने की तस्वीर शेयर की । इसी के साथ मेकर्स ने ये भी जानकारी दे दी कि आरआरआर में आलिया सीता के किरदार में दिखाई देंगी ।
इतना ही नहीं आरआरआर में आलिया अपने ऊपर फ़िल्माए जाने वाले एक गाने को अपनी आवाज भी देंग़ी । इस बारें में सूत्र ने बताया कि, “आरआरआर में आलिया का एक बड़ा सॉंग एंड डांस नंबर है । तो ऐसा हो सकता है कि उस गाने को आलिया अपनी आवाज दे । लेकिन समस्या ये है कि तमिल और तेलुगु में वह गाना नहीं गा पाएंगी इसलिए सिर्फ़ आरआरआर के हिंदी वर्जन में ही वह खुद को अपनी आवाज दे पाएंगी ।”
एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित, आरआरआर एक पैन इंडिया फिल्म है जो डीवीवी दानय्या द्वारा डीवीवी एंटरटेनमेंट्स बैनर के तहत निर्मित है । फ़िल्म में एनटीआर, राम चरण, अजय देवगन, आलिया, ओलिविया मॉरिस सहित कई अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आएंगे। यह एक काल्पनिक कहानी है जो भारत के स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आएगी, जिन्होंने क्रमशः ब्रिटिश राज और हैदराबाद के निजाम के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी । यह फिल्म कई अन्य भारतीय भाषाओं के साथ तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज के लिए तैयार है ।
















