
खिलाड़ी फ़्रेंचाइजी की कई सारी फ़िल्में करने के बाद और बेहद खतरनाक स्टंट करने वाले अभिनेता अक्षय कुमार को 'खिलाड़ी कुमार' के नाम से भी जाना जाता है । इसमें कोई शक नहीं कि अक्षय कुमार एक एक्शन स्टार हैं जो फ़िल्मों में अपने स्टंट खुद ही करते हैं । मार्शल आर्ट के महारथी अक्षय कुमार ने तापसी पन्नू, जो आगामी फ़िल्म नाम शबाना में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, को व्यक्तिगत रूप से स्टंट सीखाने का फ़ैसला किया है ।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, नाम शबाना, अक्षय कुमार की पिछली फ़िल्म बेबी का प्रीक्वल है । इस फ़िल्म में अक्षय कुमार एक छोटे से रोल में नजर आएंगे जबकि पूरी फ़िल्म तापसी पन्नू के किरदार के इर्द-गिर्द घूमेगी । लेकिन फ़िल्म में भले ही अक्षय कुमार की एक छोटी सी भूमिका है लेकिन इस फ़िल्म के लिए वह तापसी के सबसे बड़े प्रेरक बने हैं और इसका खुलासा खुद तापसी ने किया । इस मुद्दे पर बात करते हुए तापसी ने बताया कि ऐसे कई उदाहरण है जब एक्शन मास्टर को उनके कुछ एक्शन सीक्वंस को सही ढंग से करने पर शक था लेकिन अक्षय ने लगातार ये कहकर प्रोत्साहन दिया कि 'कैसे नहीं कर पाएगी' ।
तापसी पन्नू अक्षय कुमार के सपोर्ट के बारें में बताते हुए खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाई और बताया कि कैसे उन्होंने शूटिंग में उनकी मदद की और शूटिंग को आसान बनाया । तापसी ने खुलासा किया कि उन्होंने अक्षय को देखकर ही बहुत कुछ सीखा है । तापसी ने बताया कि अक्षय ने स्टंट निर्देशक के साथ एक्शन सीन को और भी ज्यादा बढ़ाने के लिए कोई तरीका खोजने की बात की ।
तापसी पन्नू की आगामी फ़िल्म नाम शबाना में एली अवराम और अनुपम खेर मुख्य भूमिका निभाएंगे । यह फ़िल्म 31 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इस फ़िल्म की शूटिंग बड़े पैमाने पर मलेशिया में हुई है और इन दिनों फ़िल्म की टीम मुंबई में है और जल्द ही इस शेड्यूल की शूटिंग खत्म करने वाली है ।
















