बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने एक बार फिर संकट के समय मदद का हाथ बढ़ाया है। इस बार उन्होंने पंजाब में जारी बाढ़ राहत कार्य के लिए 5 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। उत्तर भारत का यह राज्य वर्तमान में अपने इतिहास की सबसे भयंकर बाढ़ में से एक का सामना कर रहा है। राहत और पुनर्वास कार्य जारी हैं, और अक्षय कुमार का यह सहयोग प्रभावित लोगों के लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित होगा।

अक्षय कुमार ने की मदद
इस योगदान पर बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा, “मैं इस मामले में अपनी सोच बनाए रखता हूं। हां, मैं पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपये दे रहा हूं, लेकिन मैं कौन होता हूँ किसी को ‘दान’ देने वाला ? मुझे अच्छा महसूस होता है जब मुझे मदद करने का अवसर मिलता है। मेरे लिए यह मेरी सेवा है, मेरी बहुत छोटी सी कोशिश है। मैं प्रार्थना करता हूं कि पंजाब के मेरे भाइयों और बहनों पर आई यह प्राकृतिक आपदा जल्दी समाप्त हो। रब मेहर करे।”
अक्षय कुमार ने हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए कदम बढ़ाया है । यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने संकट के समय सहायता दी हो । उन्होंने चेन्नई बाढ़, कोविड-19 महामारी और भारत के वीर, पहल के जरिए सैनिक परिवारों को समर्थन सहित कई आपदा राहत कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अक्षय का पंजाब बाढ़ राहत में यह योगदान उनके मानवीय कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘दान नहीं, सेवा’ की बात कहकर उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को भी उजागर किया है।
















