अक्षय कुमार, हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार में से एक है । उन्होंने अपने फ़िल्मी करियर में कई बेहतरीन फ़िल्में दी है ऐसे में फैंस को भी उनकी हर फ़िल्म का बेसब्री से इंतज़ार रहता है । और इसलिए अक्षय कुमार 9 सितंबर को अपने 58वें जन्मदिन पर अपनी 200वीं फ़िल्म अनाउंस करने वाले हैं । बॉलीवुड हंगामा को अपने विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि, अक्षय कुमार अपने जन्मदिन को बेहद खास बनाने की प्लानिंग कर चुके हैं ।

SCOOP: अक्षय कुमार 9 सितंबर को अपने 58वें जन्मदिन पर अनाउंस करने वाले हैं अपनी 200वीं फ़िल्म ; फैंस के लिए होगा रिटर्न गिफ्ट

अक्षय कुमार की 200वीं फ़िल्म

करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि, “अक्षय कुमार अपनी 200वीं फ़िल्म की घोषणा 9 सितंबर को करने वाले हैं। अक्षय तीन दशकों से ज़्यादा समय से लगातार काम कर रहे हैं और इस दौरान कई यादगार और सफल फ़िल्मों का हिस्सा रहे हैं। वे ऐसे अभिनेता हैं जो साल में कई फ़िल्में करने में यक़ीन रखते हैं और इसी वजह से वे इस 200वीं फ़िल्म के मील के पत्थर तक पहुंचे हैं।”

सूत्र ने आगे बताया, “हाल ही में अक्षय को एहसास हुआ कि उनकी अगली फ़िल्म उनकी 200वीं फ़िल्म होगी। ऐसे में उन्होंने अपने जन्मदिन के दिन ही इसका ऐलान करने का फ़ैसला किया है। यह उनके फैंस के लिए एक तोहफ़ा होगा। फैंस उन्हें बेहद प्यार करते हैं और अक्षय हमेशा उनके इस प्यार से अभिभूत रहते हैं। इस घोषणा के ज़रिए फैंस के प्यार के प्रति आभार जताने का एक मौक़ा होगा ।”

एक अन्य सूत्र ने खुलासा किया कि 9 सितंबर को इस फ़िल्म की आधिकारिक घोषणा के लिए एक इवेंट आयोजित करने पर भी विचार चल रहा है। इस पर अंतिम निर्णय आने वाले वीकेंड तक होने की संभावना है।

इस बीच, अक्षय कुमार जल्द ही जॉली एलएलबी 3 में नज़र आएंगे। इस फ़िल्म में उनके साथ अरशद वारसी भी हैं और यह फ़िल्म 19 सितंबर को रिलीज़ होगी।