पठान की सुपर सक्सेस के बाद शाहरुख खान एक बार फिर एक्शन अवतार में वापसी कर रहे हैं एटली की फ़िल्म जवान के साथ । हाल ही में फ़िल्म का टीज़र और गाना ‘ज़िंदा बंदा’ रिलीज़ हुआ जिसने फ़िल्म के लिए एक्साइटमेंट को और ज्यादा बढ़ा दिया । 7 सितंबर को सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर रिलीज हो रही शाहरुख खान की जवान में अब बस एक महीना बाक़ी है ऐसे में फ़िल्म के ट्रेलर पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं । वहीं हमें पता चला है कि, मेकर्स जल्द ही जवान का ट्रेलर और कुछ और गानें रिलीज करने वाले हैं ।

जवान के लिए अपनी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर पठान की मार्केटिंग स्ट्रेटजी फ़ोलो करेंगे शाहरुख खान ; न इंटरव्यू, न ही मीडिया के सवाल-जवाब देंगे एक्टर

शाहरुख खान की जवान के लिए कोई प्रमोशन नहीं

जहां जवान की रिलीज में एक महीना बचा है वहीं हर कोई ये सोच रहा है कि, शाहरुख और मेकर्स फ़िल्म का प्रमोशन कब और कैसे करने वाले हैं, क्योंकि ये अभी तक शुरू नहीं हुआ है । ऐसे में बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि, शाहरुख जवान के साथ भी पठान वाली स्ट्रेटजी अपनाने वाले हैं । यानी जवान के प्रमोशन में शाहरुख कम से कम अपनी मौजूदगी दर्ज कराएँगे ।

एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “शाहरुख ने अपनी पिछली फिल्म, पठान (2023) की रिलीज से पहले कोई इंटरव्यू नहीं दिया था । फिर भी, यह ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म साबित हुई थी । वह जवान के लिए भी इस रणनीति को अपनाना चाहते हैं । शाहरुख को विश्वास है कि बिना इंटरव्यू के भी दर्शक सिनेमाघरों तक खिंचे चले आएंगे ।”

सूत्र ने आगे कहा, “कुछ प्रमोशनल इवेंट्स की योजना बनाई गई है, लेकिन इसमें कोई सवाल-जवाब नहीं होगा जैसा कि अब ट्रेंड में है । हालांकि, उम्मीद है कि शाहरुख अपने विटी अंदाज़ और हाज़िरजवाबी से प्रमोशनल इवेंट्स को हिट करा देंगे । साथ ही, प्रशंसकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह समय-समय पर ट्विटर पर ‘Ask SRK’ सेशन आयोजित करते रहेंगे । यह एक सुपर-हिट रणनीति है । शाहरुख खुद अपने फ़ैंस के सवालों और उनके अपने ट्रेडमार्क मजाकिया अंदाज में जवाब देना पसंद करते हैं । फ़ैंस भी उनके जवाब का इंतज़ार करते हैं ।”

सूत्र ने अंत में कहा, “आखिरकार, जवान का कंटेंट बहुत ही आकर्षक है । परिणामस्वरूप, टीम का मानना है कि कम से कम प्रमोशनल इवेंट्स फ़िल्म के फ़ेवर में काम करेगी ।”

जवान में शाहरुख के अलावा नयनतारा, विजय सेतुपति, प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा और रिधि डोगरा भी हैं । एटली द्वारा निर्देशित इस एक्शन एंटरटेनर में दीपिका पादुकोण एक विशेष भूमिका में हैं ।  जवान रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति है, जो एटली द्वारा निर्देशित, गौरी खान द्वारा निर्मित और गौरव वर्मा द्वारा सह-निर्मित हैं । यह फिल्म 7 सितंबर 2023 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी ।