बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम कल 4 जून को फ़िल्ममेकर आदित्य धर के साथ शादी के बंधन में बंध गई हैं । इस बात की जानकारी खुद यामी गौतम ने आदित्य के साथ अपनी शादी की तस्वीर पोस्ट करके दी । बता दें कि यामी और आदित्य ने उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक में एक साथ काम किया था । जहां यामी गौतम ने अपनी शादी की पहली तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की थी वहीं अब उन्होंने अपनी इंटिमेट वेडिंग की कुछ और तस्वीरों को अपने सोशल अकाउंट पर पोस्ट किया है ।

एक दूजे के हुए यामी गौतम और आदित्य धर
शादी के बाद अब यामी ने अपनी मेहंदी की खूबसूरत तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं । इन तस्वीरों में यामी हाथों पर मेहंदी लगाए खिलखिलाती नजर आ रही हैं । वहीं एक तस्वीर में यामी के साथ आदित्य भी नजर आ रहे हैं । यामी ने अपनी मेहंदी रचाए हुए तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “ओ मेरी प्यारी, चिंता क्यों करनी ? जो तुम्हारे लिए बना है वह तुम्हें हमेशा हमेशा ढूंढ लेगा ।- लल्लेश्वरी ।”

आदित्य धर ने 2019 में आई ब्लॉकबस्टर फ़िल्म उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक के साथ निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था । और इस फ़िल्म में यामी भी लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आईं थी । यामी और आदित्य की ये शादी एक निजी समारोह में संपन्न हुई ।
इससे पहले यामी ने विकी डोनर, बाला जैसी कई फ़िल्मों में भी काम किया है । इसके अलावा यामी ने कई साउथ फ़िल्मों में भी अभिनय किया है ।
















