कान्स फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों का दिल जीतने के बाद नीरज घायवान की फिल्म होमबाउंड अब अपना अगला बड़ा कदम बढ़ा रही है टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में प्रीमियर के साथ। इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे युवा अभिनेता विशाल जेठवा की परफॉर्मेंस और फिल्म की कहानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब सराहना मिल रही है। होमबाउंड में विशाल जेठवा के साथ जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर भी अहम रोल में नजर आने वाले हैं । विशाल जेठवा, जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर साथ में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए ।

होमबाउंड को लेकर उत्साहित हैं विशाल जेठवा
पहले भी अपनी बहुमुखी एक्टिंग से दर्शकों को प्रभावित कर चुके विशाल जेठवा, होमबाउंड के ज़रिए मिल रहे इस वैश्विक ध्यान का खूब आनंद ले रहे हैं। अपनी खुशी जताते हुए उन्होंने कहा, “होमबाउंड के लिए मिल रहा यह प्यार मेरे लिए अद्भुत अनुभव है। कान्स में हमें जो अपार सराहना और प्रतिक्रिया मिली, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूँ। अब टोरंटो की ओर बढ़ना मेरे लिए एक सपना जैसा है। मैं इस ग्लोबल सफर का हर पल एंजॉय कर रहा हूँ और उम्मीद करता हूँ कि TIFF के दर्शक भी हमारी फिल्म को उतना ही अपनाएँगे। यह सफर मेरे लिए बेहद सीख देने वाला और प्रेरणादायक रहा है और मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूँ कि और लोग होमबाउंड की दुनिया को महसूस करें।”

दुनिया के दो सबसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल्स कान्स और TIFF में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही होमबाउंड ने फिल्म प्रेमियों के बीच खास उत्सुकता जगा दी है। नीरज घायवान की संवेदनशील कहानी और विशाल जेठवा के दमदार अभिनय के साथ यह फिल्म अलग-अलग संस्कृतियों के दर्शकों से जुड़ने का मजबूत माध्यम बन रही है।

















