1999 के कारगिल युद्ध के रियल हीरो और परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा की जिंदगी पर बेस्ड शेरशाह स्वतंत्रता दिवस वीकेंड, यानी 12 अगस्त अमेजॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी । इस फ़िल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा कैप्टन विक्रम बत्रा, जिन्होंने 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता दिखाई थी, के किरदार में नजर आएंगे और कियारा आडवाणी उनके अपोजिट दिखाई देंगी । शेरशाह में सिद्धार्थ मल्होत्रा अपने अभी तक के फ़िल्मी करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार निभाते हुए नजर आएंगे । फ़िल्म अपनी रिलीज से बस अब कुछ ही दिन दूर है लेकिन ट्रेलर ने फ़िल्म के लिए प्रत्याशा को और बढ़ा दिया है ।

सिद्धार्थ मल्होत्रा की शेरशाह 12 अगस्त को होगी रिलीज
दर्शकों के अलावा ट्रेड एनालिस्ट भी फिल्म की तारीफ कर रहे हैं । ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने साझा किया, “अगर ट्रेलर काम करता है, तो कोई भी फिल्म देखने के लिए अपने आप उत्साहित हो जाता है । शेरशाह के मामले में, ट्रेलर बहुत ही रोचक और अच्छी तरह से बनाया गया है जो फिल्म के मुद्दे पर प्रकाश डालता है । हमने पढ़ा है कि कैसे कैप्टन विक्रम बत्रा ने युद्ध लड़ा और उनकी वास्तविक जीवन की कहानी को पर्दे पर देखना दिलचस्प होगा जिसकी प्रतीक्षा की जा सकती है । हम कमर्शियल, फिक्शन फिल्में बना रहे हैं लेकिन अब वक्त आ गया है कि हम अपने नायकों को श्रद्धांजलि दें और उन्हें सलाम करें। मुझे लगता है कि शेरशाह को ऐसा करना चाहिए ।”
ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन ने कहा, “ट्रेलर बहुत अच्छा है और सिद्धार्थ मल्होत्रा इस भूमिका के लिए उपयुक्त लग रहे हैं ।”
निर्माता और फिल्म व्यवसाय विश्लेषक गिरीश जौहर ने सभी की प्रशंसा की, उन्होंने कहा, “मुझे शेरशाह का ट्रेलर बहुत पसंद आया । मैं फिल्म को बड़े पर्दे पर देखना पसंद करूंगा ।”
12 अगस्त को रिलीज होने वाली शेरशाह अमेजॉन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी ।
















