सुशांत सिंह राजपूत ने सुसाइड से ठीक 4 दिन पहले अपनी बहन श्वेता को लिखा था इमोशनल मैसेज, बहन ने चैट का स्क्रीनशॉट किया शेयर
By Bollywood Hungama News Network, Jul 27, 2020 - 14:56 hrs IST
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का निधन हर किसी को दु्खी कर गया है । महज 34 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए सुशांत के जाने से उनका परिवार टूट सा गया है । सुशांत की बड़ी बहन श्वेता सिंह कीर्ति अक्सर सोशल मीडिया पर अपने भाई को याद कर उनसे जुड़ी बातें और तस्वीरें शेयर करती हैं । हाल ही में श्वेता ने सुशांत के साथ अपनी प्यारी सी बॉंडिंग और कुछ अनदेखी तस्वीरें पोस्ट की हैं । इसी के साथ श्वेता ने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट भी लिखा है । इतना ही नहीं श्वेता ने वॉट्सऐप पर हुई उस चैट के स्क्रीनशॉट को भी शेयर किया है जो सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मौत से ठीक चार दिन पहले यानि 10 जून को अपनी बहन श्वेता से की थी । श्वेता ने अपनी शादी के दौरान की सुशांत की तस्वीरें और उनके बचपन की तस्वीरें भी शेयर की हैं ।
श्वेता ने सुशांत सिंह राजपूत को याद कर लिखी इमोशनल पोस्ट
अपने भाई सुशांत को याद करते हुए श्वेता सिंह कीर्ति ने कहा कि काश मैं उन्हें हर चीज से सुरक्षित रख सकती । मैं अब भी चाहती हूं कि मैं अपने भाई को देखने के लिए उठूं । मेरे ठीक बगल में मेरा भाई और मुझे एहसास हो कि यह सब एक बुरे सपने से ज्यादा कुछ नहीं है । श्वेता की इस इमोशनल पोस्ट पर अंकिता लोखंडे ने भी हार्ट शेप इमोजी बनाकर अपना रिएक्शन दिया है ।
श्वेता ने सुशांत के बचपन के बारें में बताते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे हमेशा से यह कहा जाता था कि मां और पापा एक बेटा चाहते थे, क्योंकि मम्मा का पहला बच्चा एक बेटा था, जिसे उन्होंने डेढ़ साल की उम्र में ही खो दिया ।मेरे पहले सिब्लिंग से मेरी कभी मुलाकात नहीं हुई । लेकिन मां और पापा को अपने दूसरे बेटे के लिए बहुत उम्मीदें थीं । उन्होंने मन्नत मांगी और मां भगवती की करीब दो साल तक पूजा भी की । जब दिवाली के दिन मैं पैदा हुई तो उन्होंने मुझे भाग्यशाली माना और लक्ष्मी जी बताया । उन्होंने अपनी साधना जारी रखी और एक साल बाद मेरे भाई का जन्म हुआ । शुरुआत से ही वह काफी प्यारा था और अपनी मुस्कान से सबका दिल जीत लेता था ।”
श्वेता ने आगे लिखा, “2007 में, मुझे याद है वो दिन, जब मेरी शादी हो गई और मैं जा रही थी । भाई ने मुझे कसकर गले लगाया और हम खूब रोए । अब हम एक साथ नहीं रह सकते थे । हम दोनों ही अपनी जिंदगी में व्यस्त हो गए । काश कि मैंने भाई को हर चीज से बचाया होता । मैं अब भी यही चाहती हूं कि मैं भाई को देखने के लिए उठूं, मेरे बगल में वो हो और मुझे महसूस हो कि यह सबक एक बुरा सपना है और कुछ नहीं है ।”