सुशांत सिंह राजपूत ने बीते साल 14 जून को इस दुनिया को अलविदा कह दिया । लेकिन वह अपने बेहतरीन काम और अच्छे स्वभाव के चलते वह लोगों के दिलों में एक खूबसूरत याद बनकर हमेशा जिंदा रहेंगे । बिना किसी गॉडफ़दर के बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले सुशांत सिंह राजपूत का आज 35वां जन्मदिन है ऐसे में उनके तमाम फ़ैंस उन्हें याद करते हुए अपने-अपने तरीके से ट्रिब्यूट दे रहे हैं । आज सुशांत के जन्मदिन पर उनका पिछला बर्थडे, जो दुर्भाग्य से उनका अंतिम बर्थडे साबित हुआ, का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है ।

सुशांत सिंह राजपूत अपने परिवार के बेहद करीब थे
चांद सितारों से बात करने वाले सुशांत भले ही फिल्म इंडस्ट्री से कम जुड़ पाए हों लेकिन उनका अपने परिवार, खासकर बहनों से एक अलग बॉन्ड था । अपने परिवार के बेहद करीब रहने वाले सुशांत ने अपना पिछला बर्थडे अपने परिवार के बीच रहकर सेलिब्रेट किया था । बिग फ़ैट बर्थडे सेलिब्रेशन की बजाए सुशांत ने अपना बर्थडे अपनी बहनों के बीच रहकर मनाया । इस दौरान उन्होंने अपनी बहनों के साथ खूब मस्ती की थी ।
बताया जाता है कि अपने आखिरी बर्थडे पर सुशांत चंडीगढ़ में थे । वहां उन्होंने अपनी बहनों संग ना सिर्फ अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया, बल्कि उन्होंने पूजा-अर्चना भी की । सुशांत भगवान शिव के बहुत बड़े भक्त थे । अपने जन्मदिन के मौके पर भी उन्होंने सबसे पहले भगवान शिव को याद किया था । सुशांत के पिछले बर्थडे वायरल वीडियो में जहां एक में वह जोर-शोर से भजन-कीर्तन कर रहे थे वहीं दूसरे वीडियो वे अपनी बहनों संग हंसी मजाक करते दिखे ।
सुशांत न केवल एक अच्छे अभिनेता थे बल्कि एक अच्छे इंसान भी थे । सुशांत की अच्छाई पर तो अब बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी मुहर लगा दी है । बॉम्बे हाई कोर्ट ने दिवगंत अभिनेता सुशांत के काम की तो प्रशंसा की ही, साथ ही यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति सुशांत का चेहरा देखकर बता सकता था कि वह अच्छे मनुष्य थे ।
बता दें कि सुशांत का जन्म 21 जनवरी 1986 में पटना में हुआ था । वह अपने परिवार में 5 बहनों में सबसे छोटे थे । सुशांत ने बिना किसी गॉडफ़ादर के बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई और अपनी बेहतरीन अदायगी से करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बनाया ।
















