देश की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी भले ही आज इस दुनिया में नहीं हो लेकिन वह आज भी अपने करोड़ों फ़ैंस के दिल में जिंदा है । ऐसा ही कुछ श्रीदेवी के पति बोनी कपूर भी सोचते है । दरअसल, सिंगापुर के मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम में श्रीदेवी का वैक्स स्टेच्यू बनाया गया है जिसका लॉंच कल यानी 4 सितंबर को होगा । लेकिन उससे पहले बोनी कपूर ने अपने ट्विटर हैंडल पर श्रीदेवी के वैक्स स्टेच्यू की एक झलक पेश की ।

श्रीदेवी 'हवा हवाई' बनकर ऐसे रहेंग़ी हमेशा फ़ैंस के बीच जिंदा, बोनी कपूर ने दिखलाई झलक

बोनी कपूर ने श्रीदेवी के वैक्स स्टेच्यू की झलक दिखलाई

श्रीदेवी के इस वैक्स स्टैच्यू की एक झलक दिखलाते हुए बोनी कपूर ने लिखा, ‘श्रीदेवी ना सिर्फ हमारे, बल्कि करोड़ों फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी । बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं मैडम तुसाद में उनका स्टैच्यू देखने के लिए जो 4 सितंबर को सबके सामने आएगा ।’

बता दें कि सिंगापुर के मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम में श्रीदेवी के वैक्स स्टेच्यू को उनकी हिट फ़िल्म मिस्टर इंडिया के लोकप्रिय गाने 'हवा हवाई' का लुक दिया गया है । सिंगापुर मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम ने इस साल श्रीदेवी के जन्मदिन 13 अगस्त को इस वैक्स स्टेच्यू की घोषणा की थी ।

यह भी पढ़ें : बोनी कपूर अब इस तरह देंगे अपनी पत्नी श्रीदेवी की यादों को सम्मान

आपको बता दें कि पिछले साल 24 फ़रवरी को श्रीदेवी का बाथटब में डूबने से निधन हो गया था । श्रीदेवी के आक्समिक निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री और पूरा देश गहरे सदमे में आ गया था ।