एसएस राजामौली की फिल्म बाहुबली ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था । प्रभास और सत्यराज के अलावा, राणा दग्गुबाती, तमन्ना भाटिया समेत फ़िल्म के हर किरदार ने फ़िल्म में जान फूंक दी थी । लेकिन राजमाता शिवगामी का किरदार निभाकर अभिनेत्री राम्या ने एक अलग ही फैन बेस बना लिया । लेकिन क्या आपको पता है कि, राजमाता शिवगामी के किरदार के लिए एसएस राजामौली की पहली पसंद श्रीदेवी थी । लेकिन श्रीदेवी ने फ़िल्म को रिजेक्ट कर दिया था । और बाहुबली को रिजेक्ट करने की वजह इतने साल बाद अब जाकर उनके पति बोनी कपूर ने बताई है ।

बोनी कपूर ने सालों बाद तोड़ी चुप्पी
एसएस राजामौली फिल्म बाहुबली में श्रीदेवी को कास्ट करना चाहते थे ।लेकिन फिर कहा जाने लगा कि श्रीदेवी ने फिल्म करने के लिए शर्तें रखी थीं । उनके मुताबिक, एक्ट्रेस ने अपने लिए होटल का एक पूरा फ्लोर, 10 करोड़ रुपये फीस और अपनी टीम के लिए फ्लाइट के 10 टिकटों की मांग की थी । लेकिन अब इसके पीछे की सच्चाई को बोनी कपूर ने खोला है । फिल्ममेकर बोनी कपूर ने हाल ही में कोमल नाहटा को दिए इंटरव्यू में बाहुबली के प्रोड्यूसर शोबु यारलागड्डा पर इसे लेकर तीखा वार किया है , बोनी कपूर ने साफ कहा कि उनकी दिवंगत पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी को लेकर झूठी बातें फैलाई गईं हैं ।
बोनी ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा, “राजामौली के साथ फिल्म तो नहीं बनी, लेकिन मेरे पास अभी भी उनका मैसेज है जिसमें उन्होंने लिखा था कि, वह एक्ट्रेस के तौर पर श्रीदेवी के फैन थे, लेकिन जब उनसे बातचीत हुई तो उनके प्रति सम्मान और बढ़ गया । क्योंकि एक्ट्रेस ने जो सुझाव दिए थे, वो पसंद आए थे । मगर प्रोड्यूसर्स ने जो कन्फ्यूजन फैलाई, उसके कारण श्रीदेवी ने फिल्म में काम नहीं किया ।”
बोनी कपूर ने आगे कहा, “राजामौली हमारे घर आए थे और फिल्म के बारे में बातचीत की थी । जब वह कमरे से बाहर गए तो प्रोड्यूसर्स ने श्रीदेवी को इंग्लिश विंग्लिश (2012) के लिए मिली फीस से भी कम पैसे ऑफर किए । वह स्ट्रगल नहीं कर रही थी । आपको उन्हें कास्ट करके फायदा ही मिल रहा था । मैं अपनी पत्नी से ऐसा क्यों करवाऊंगा ?”
बोनी कपूर ने आगे खुलासा किया कि शोबू यार्लागड्डा ने एसएस राजामौली से श्रीदेवी के मेहनताना के बारे में झूठ बोला था, “मेरे ख्याल से प्रोड्यूसर्स ने राजामौली को अपने ऑफर के बारे में कभी नहीं बताया । उन्होंने राजामौली से कहा था कि श्रीदेवी होटल का पूरा फ्लोर चाहती है, टीम चाहती है । जबकि सच्चाई ये थी कि हमने सिर्फ इतना कहा था कि बड़ा शेड्यूल बच्चों की छुट्टियों में रखा जाए ताकि वे भी साथ रह सकें। इंग्लिश विंग्लिश की शूटिंग के दौरान बच्चों का होटल और फ्लाइट खर्च मैंने खुद उठाया था ।”
बोनी ने आगे बताया, “यहां पर प्रोड्यूसर की ही गलती थी, जिन्होंने राजामौली को गलत चीजें बताईं । उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि श्रीदेवी ने क्या मांग की थी । जबकि ये झूठ है। शोबू नाम के इस आदमी ने ही यह सब किया था, और शायद वह पैसे नहीं देना चाहता था। उसने श्रीदेवी को अनप्रोफेशनल कहा था, जो कि सरासर गलत है। केश रोशन, यश चोपड़ा और राघवेंद्र राव जैसे लोगों ने उनके साथ कई बार काम किया है। अगर वह अनप्रोफेशनल होतीं, तो वे ऐसा क्यों करते ?”
















